जिलाधिकारी बी.एन. सिंह ने दिलाई आत्मनिर्भर भारत की शपथ, स्वदेशी उत्पादों के उपयोग का किया आह्वान
सोनभद्र/एबीएन न्यूज़। भारत के लौह पुरुष और राष्ट्र की एकता के शिल्पकार सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर शुक्रवार को जनपद सोनभद्र में राष्ट्रीय एकता दिवस बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। जिलाधिकारी श्री बी.एन. सिंह एवं मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने सुबह 8 बजे डायट परिसर से हरी झंडी दिखाकर यूनिटी मार्च का शुभारंभ किया, जो बढ़ौली चौराहा, राबर्ट्सगंज तक निकाला गया। इस दौरान प्रतिभागियों ने “एक भारत श्रेष्ठ भारत” और “एकता में ही शक्ति है” जैसे नारों से पूरे शहर में राष्ट्रीय एकजुटता का संदेश गूंजाया।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) श्री रमेश चंद्र, जिला विद्यालय निरीक्षक श्री जय राम सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्री मुकुल आनंद पांडेय, डीसी मनरेगा श्री रवींद्र वीर सिंह, अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी श्री सुधांशु शेखर शर्मा, क्रीड़ाधिकारी श्री शमीम अहमद, तहसीलदार सदर श्री अमित सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी नमिता शरण, युवा कल्याण अधिकारी श्री प्रदीप सिंह, अपर जिला सूचना अधिकारी श्री विनय कुमार सिंह सहित शिक्षक, छात्र-छात्राएं, विशिष्ट स्टेडियम तियरा के तीरंदाज बच्चे एवं जनसामान्य ने अत्यंत उत्साह के साथ भाग लिया।
बढ़ौली चौराहा पहुंचकर जिलाधिकारी बी.एन. सिंह ने उपस्थित जनसमूह को आत्मनिर्भर भारत की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा—
“मैं स्वदेशी अपनाने का संकल्प लेता हूं, प्रतिज्ञा करता हूं कि दैनिक जीवन में यथासंभव भारत में निर्मित वस्तुओं का उपयोग कर आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान दूंगा और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करूंगा।”

कार्यक्रम के बाद डायट परिसर में जिलाधिकारी ने सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि पटेल जी ने अपने अदम्य साहस और राष्ट्रनिष्ठा से रियासतों के एकीकरण द्वारा भारत की अखंडता को सशक्त किया। उनका जीवन हमें प्रेरणा देता है कि हम एकता, भाईचारे और सौहार्द की भावना को सदैव बनाए रखें।

इस अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर में स्वदेशी उत्पादों पर आधारित विशेष प्रदर्शनी एवं मेला का भी आयोजन किया गया। जिलाधिकारी ने ग्रामोद्योग विभाग, खादी एवं रेशम विभाग सहित विभिन्न संस्थानों के स्टॉलों का अवलोकन किया तथा स्थानीय उत्पादों की खरीदारी कर लोगों से भी स्वदेशी अपनाने की अपील की।

मेले में कालीन, हस्तनिर्मित वस्त्र, नमकीन, सौर ऊर्जा उत्पाद और अन्य स्वदेशी सामग्री प्रदर्शित की गई। इस दौरान अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) श्री वागीशक कुमार शुक्ल, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) श्री रमेश चंद्र, उपायुक्त उद्योग श्री बिनोद चौधरी, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर श्री दिव्यतोष मिश्रा सहित अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
![]()











