Last Updated:
एक्टर ने अपने करियर की शुरुआत असिस्टेंट डायरेक्टर के तौर पर की. इसके बाद एक मूवी में खलनायक का बॉडी डबल बना, जो बॉक्स ऑफिस पर ब्लॉकबस्टर साबित हुई. साल 2019 में लीड एक्टर के तौर पर डेब्यू किया और कई फिल्मों का हिस्सा रहा. अब अजय देवगन के साथ उसकी फिल्म सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है.
<strong>नई दिल्ली.</strong> मीजान जाफरी, जावेद जाफरी के बेटे और मशहूर कॉमेडियन जगदीप के पोते हैं. उन्होंने बॉलीवुड में धीरे-धीरे अपनी एक अलग पहचान बनाई है. एक्टर ने करियर की शुरुआत कैमरे के सामने नहीं, बल्कि कैमरे के पीछे से किया. अब वह फिल्मों में लीड रोल कर रहे हैं.

9 मार्च 1995 को मुंबई में जन्मे मीजान एक ऐसे परिवार में पले-बढ़े, जो सिनेमा से गहराई से जुड़ा हुआ है. उन्होंने अमेरिका के पेंसिल्वेनिया स्थित फ्रैंकलिन एंड मार्शल कॉलेज से बिजनेस स्टडीज की पढ़ाई की. बाद में उन्होंने न्यूयॉर्क के स्कूल ऑफ विजुअल आर्ट्स में फिल्म डायरेक्शन और एडिटिंग का कोर्स किया. मीजान ने सिनेमा की तकनीकी समझ और फिल्ममेकिंग की गहराई से जानकारी हासिल की.

एक्टिंग की दुनिया में कदम रखने से पहले मीजान जाफरी ने फेमस डायरेक्टर संजय लीला भंसाली की शानदार फिल्मों जैसे ‘बाजीराव मस्तानी’ और ‘पद्मावत’ में बतौर असिस्टेंट डायरेक्टर काम किया और पर्दे के पीछे रहकर एक्टिंग की बारीकियों को सीखा.

आपको जानकर हैरानी होगी कि ‘पद्मावत’ की शूटिंग के दौरान मीजान ने रणवीर सिंह के बॉडी डबल के रूप में भी काम किया था. उन्होंने फिल्म के कुछ सीन्स में रणवीर सिंह की जगह ली थी. मीजान ने खुद एक इंटरव्यू के दौरान यह खुलासा किया था. ‘पद्मावत’ बॉक्स ऑफिस पर ब्लॉकबस्टर साबित हुई थी.

मीजान ने साल 2019 में संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘मलाल’ से एक्टिंग की दुनिया में कदम रखा, जिसमें उन्होंने शिवा मोरे का किरदार निभाया. उनके अभिनय की भावनात्मक गहराई और प्रभावशाली स्क्रीन प्रेजेंस के लिए खूब सराहना हुई, जिससे वह एक उभरते हुए प्रतिभाशाली एक्टर के रूप में पहचाने गए.

इसके बाद उन्होंने साल 2021 में प्रियदर्शन के डायरेक्शन में बनी कॉमेडी फिल्म ‘हंगामा 2’ में काम किया, जिसमें उन्होंने आकाश कपूर की भूमिका निभाई. हालांकि, फिल्म को क्रिटिक्स से मिक्स रिव्यूज मिले लेकिन मीजान की कॉमिक टाइमिंग की काफी तारीफ की गई.

साल 2023 में मीजान जाफरी ने ‘यारियां 2’ में काम किया, जो एक युवा-केंद्रित ड्रामा फिल्म थी. इस फिल्म ने उनकी बहुमुखी प्रतिभा और युवा दर्शकों के बीच लोकप्रियता को और मजबूत कर दिया. ‘द मिरांडा ब्रदर्स’ (2024) से उनके करियर को गति मिली और ‘नादानियां’ (2025) ने उनके एक एक्टर के रूप में अलग-अलग किरदार निभाने की क्षमता को उजागर किया.

मीजान जाफरी इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म ‘दे दे प्यार दे 2’ को लेकर सुर्खियों में हैं, जिसमें वह अजय देवगन, आर. माधवन, रकुल प्रीत सिंह के साथ स्क्रीन शेयर करते हुए दिखेंगे. दिलचस्प बात है कि उनके पिता जावेद जाफरी भी फिल्म का हिस्सा हैं. यह रोमांटिक कॉमेडी फिल्म 14 नवंबर को रिलीज होने वाली है.
![]()










