चकेरी थाना क्षेत्र में फौजी की पत्नी ने कुछ लोगों पर केडीए की जमीन बेचने के नाम पर उनसे 12.50 लाख रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। केडीए की टीम जब अवैध निर्माण गिराने पहुंची तब हकीकत जानकर उनके होश उड़ गए। पीड़िता ने आरोपियों से रकम वापस मांगी को घर में घुसकर धमकाया गया। पीड़िता ने चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
चकेरी के कोयलानगर के बागेलालपुरम निवासी रजोला देवी ने पुलिस को बताया कि पति रामचंद्र सेना में दिल्ली में तैनात हैं। रजोला ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि साल 2021 में सनिगवां निवासी शिव सिंह यादव, रामपुरम श्यामनगर निवासी कृष्णपाल सिंह यादव, कोयलानगर निवासी अरुण कुमार उर्फ हेमंत और श्यामनगर रक्षा विहार निवासी अभय यादव उर्फ छोटू ने उनके पति को दहेली सुजानपुर में 130 वर्गगज का प्लॉट दिखाया।
इसकी कीमत 12.50 रुपये बताई गई। जमीन ठीक लगने पर उन्होंने सात लाख रुपये चेक के माध्यम से और बाकी 5.50 लाख रुपये कैश दे दिए। आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने कूटरचित दस्तावेज के माध्यम से पति के नाम से रजिस्ट्री कर दी। बाद में उन्होंने प्लॉट पर गेट लगवाकर बाउंड्रीवॉल करा दी। साल 2024 में जब केडीए की टीम अपनी जमीन खाली कराने पहुंची तब धोखाधड़ी का पता चला। चकेरी इंस्पेक्टर संतोष कुमार शुक्ला ने बताया कि आरोपियों पर रिपोर्ट दर्ज कर उनकी तलाश की जा रही है।










