नई दिल्ली. बॉलीवुड के मशहूर भट्ट ब्रदर्स यानी महेश भट्ट और मुकेश भट्ट की प्रोफेशनल साझेदारी साल 2021 में टूट गई. ये जोड़ी टूटी तो बॉलीवुड में हलचल मच गई. 30 सालों से ज्यादा समय तक एक साथ काम करने वाले इन भाइयों ने 1990 और 2000 के दशक में’आशिकी’, ‘सड़क’, ‘सर’, ‘रहस्य’ और ‘मर्डर’ जैसी सुपरहिट फिल्में दीं, ये हिंदी सिनेमा की वो फिल्में साबित हुईं, जिन्होंने इंडस्ट्री को नई दिशा दी. लेकिन फिर एक दिन दोनों ने ये कह दिया कि अब दोनों साथ नहीं रहे. दोनों के बीच आखिर हुआ क्या ये सवाल हमेशा बना रहा. लेकिन अब मुकेश ने इस ब्रेकअप पर खुलकर बात की है, जिसमें उन्होंने महेश को अपना ‘भगवान’ और ‘पिता तुल्य बड़ा भाई’ बताया.
मुकेश भट्ट 4 साल बाद अपने भाई के साथ प्यार, रिश्ते के साथ उस अलगाव के बारे में बात की, जिसको उन्होंने झेला. लेहरन रेट्रो को दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने बातों-बातों में इशारा किया कि कुछ लोगों के निहित स्वार्थ थे जो दोनों भाइयों को अलग करना चाहते थे.
महेश भट्ट मेरे भगवान हैं, मेरा बड़ा भाई हैं: मुकेश
अपने भाई महेश भट्ट के साथ अपने रिश्ते पर बात करते हुए उन्होंने कहा, ‘यह मेरी जिंदगी का सबसे खूबसूरत रिश्ता था, मेरे भाई के साथ. यह एक लव स्टोरी जैसा था. एक बार इंटरव्यू में मुझसे पूछा गया था कि भाई और पत्नी में से किसे चुनोगे, तो मैंने कहा था- महेश भट्ट को.’ मुकेश ने आगे जोड़ा, ‘मैं इस ऊंचाई पर नहीं आऊंगा कि उसने ये कहा. मेरे लिए महेश भट्ट मेरे भगवान हैं, मेरा बड़ा भाई हैं. मरते दम तक उन्हें बहुत-बहुत-बहुत प्यार करता हूं और करता रहूंगा. मुझे नहीं पता वे मेरा क्या सोचते हैं, लेकिन मेरे तरफ से कोई कड़वाहट नहीं है.’
‘नहीं सोचा था मौत के अलावा कुछ हमें अलग करेगा’
इस ब्रेकअप को लेकर मुकेश ने बताया कि उन्हें कभी इसकी कल्पना भी नहीं हुई थी. वो बताते हैं ‘मैंने कभी सोचा नहीं था कि हम अलग हो सकते हैं. मुझे हमेशा यकीन था कि हमें सिर्फ मौत ही अलग कर सकती है. मेरे सबसे बुरे ख्यालों में भी ये नहीं आया था कि हम रास्ते अलग कर लेंगे.’ उन्होंने यह भी खुलासा किया कि अलगाव के पीछे कुछ लोगों के स्वार्थी हित थे. ‘वो कच्चे कान के हैं’ तो दोनों भाइयों को अलग करने का किसी का वेस्टेड इंटरेस्ट होगा.
विक्रम भट्ट के आरोपों को किया खारिज
मुकेश ने हाल ही में विक्रम भट्ट के उन पुराने बयानों का भी जवाब दिया, जिनमें विक्रम ने दावा किया था कि महेश ने मुकेश पर सालों तक ‘शोषण’ करने का आरोप लगाया. विक्रम भट्ट का महेश और मुकेश भट्ट से कोई खून का रिश्ता नहीं है. उन्होंने सिद्धार्थ कन्नन को दिए इंटरव्यू में कहा था, जो विशेष फिल्म्स के तहत कई सफल फिल्में डायरेक्ट कर चुके हैं, लेकिन भट्ट ब्रदर्स से खून के रिश्ते में नहीं जुड़े. उन्होंने सिद्धार्थ कन्नन को दिए इंटरव्यू में कहा था, ‘भट्ट साहब (महेश) ने मुझे मोर की एक पेंटिंग गिफ्ट की थी, जो रेगिस्तान पर उड़ रहा था. एक दिन बातचीत के दौरान मैं टॉयलेट गया, लौटा तो मेरा ड्राइवर पेंटिंग ले जा रहा था. पूछने पर महेश भट्ट ने कहा, ‘कंपनी से बाहर हो जाओ. मेरा भाई (मुकेश) ने सालों तक मेरा शोषण किया है. मैं नहीं चाहता कि वो तुम्हारा भी करे’.
मैं छिछोरों की बातें नहीं सुनने वाला: मुकेश
इन आरोपों को खारिज करते हुए मुकेश ने कहा, ‘वो (महेश) सरल हैं और लोगों के वेस्टेड इंटरेस्ट थे कि इन भाइयों को कैसे अलग किया जाए. उन्होंने विक्रम को निशाना बनाते हुए कहा, ‘जो कहना है कह लो, मैं किसी का नाम नहीं लूंगा. विक्रम भट्ट को अपनी अंतरात्मा की सुननी चाहिए. उन्हें खुद जवाब मिल जाएगा कि वो सही हैं या गलत.’ मुकेश ने अपनी परिपक्वता पर जोर देते हुए कहा, ‘अब अगर कोई आकर कहे कि विक्रम भट्ट ने ये कहा या किसी और ने कुछ और, तो मैं इन छिछोरे लोगों की बातें सुनकर अपना मन कड़वा नहीं करूंगा. मैं सरल नहीं हूं. यही फर्क है उनके और मेरा. अगर कोई कहे कि महेश भट्ट ने मेरे साथ इतना बुरा किया, तो मैं प्रभावित नहीं होऊंगा क्योंकि मुझे पता है महेश भट्ट असल में क्या हैं. गुस्से में कुछ कह सकते हैं, लेकिन दिल से नहीं.’
‘महेश भट्ट का आशीर्वाद मेरे लिए अनमोल है’
मुकेश ने बताया कि जब उनके बेटे विशेष भट्ट की फिल्म ‘अवारापन 2’ की शुरुआत हुई, तो महेश भट्ट ने विशेष को शुभकामनाएं भेजकर आशीर्वाद दिया. इस बात से खुशी जताते हुए मुकेश ने कहा, ‘मैं बहुत टच हो गया था. मेरे लिए वो सिर्फ एक बड़े भाई ही नहीं, एक फादर फिगर हैं. मैंने हमेशा उन्हें एक पिता तुल्य माना है, इसलिए उनकी तरफ से आई कोई भी बात मेरे लिए अनमोल है.’











