विंढमगंज/सोनभद्र/एबीएन न्यूज़। विंढमगंज बाजार में इन दिनों सरकारी जमीन पर अवैध निर्माण तेजी से बढ़ता जा रहा है, जिसे लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। बाज़ार क्षेत्र में कई व्यक्तियों द्वारा राज्य की भूमि पर कब्जा कर पक्के मकान व दुकानों का निर्माण कराया जा रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार यह पूरा निर्माण कार्य ट्रिपाल से ढककर गुप्त तरीके से किया जा रहा है, ताकि अधिकारियों या बाहरी लोगों की नजर इस गतिविधि पर न पड़े।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि अवैध निर्माण होने के बावजूद प्रशासन की ओर से कोई कड़ी कार्रवाई नहीं की जा रही, जिससे लोगों में कई तरह के संदेह पैदा हो रहे हैं। उनका आरोप है कि दुकानदार जानबूझकर निर्माण कार्य को बिना किसी व्यवधान के आगे बढ़ा रहे हैं, जबकि संबंधित विभाग की चुप्पी कई सवाल खड़े कर रही है।
सूत्रों के अनुसार जिस सरकारी भूमि पर यह निर्माण किया जा रहा है, उसका मौका-मुआयना क्षेत्रीय लेखपाल और राजस्व अधिकारियों द्वारा पहले ही किया जा चुका है, लेकिन इसके बावजूद अवैध काम रुकने के बजाय और तेजी से जारी है। लोगों में चर्चा है कि जब अधिकारियों ने पहले ही निरीक्षण कर लिया है, फिर भी निर्माण जारी है—तो क्या यह लापरवाही का मामला है या किसी दबाव में लिया गया मौन निर्णय?
स्थानीय नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते प्रशासन ने कार्रवाई नहीं की, तो आने वाले दिनों में यह अवैध कब्जा बड़ा विवाद खड़ा कर सकता है। फिलहाल विंढमगंज बाजार में जारी यह निर्माण गतिविधि प्रशासन की कार्यशैली, जिम्मेदारी और संवेदनशीलता को लेकर गंभीर प्रश्न खड़े कर रही है।
![]()











