कानपुर हैलट में लेवल-1 एपेक्स ट्रॉमा सेंटर बनाए जाने के लिए शासन ने वित्तीय और प्रशासकीय स्वीकृति दे दी है। इसके लिए 4,81,82,98,000 रुपये के बजट को भी स्वीकृति मिल गई है। यहां घायलों को एयर लिफ्ट करके लाने के लिए भी शासन ने हामी भर ली। इस तरह यह एयर एंबुलेंस वाला प्रदेश का पहला ट्रामा सेंटर होगा। हेलीपैड के लिए ट्रॉमा सेंटर की भवन डिजाइन आईआईटी से चेक कराने के लिए कहा गया है। ट्रॉमा सेंटर बनने से हाईवे पर घायलों, रोगियों को उच्च स्तरीय इलाज के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा।
जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संजय काला ने बताया कि ट्रॉमा सेंटर के लिए पहली 168 करोड़ 50 लाख की पहली किस्त जारी हो गई है। लोक निर्माण को कार्यदायी संस्था बनाया गया है। ट्रॉमा सेंटर के भवन का नक्शा दिल्ली की संस्था वास्तुनिधि ने तैयार किया है। विस्तृत परियोजना रिपोर्ट में ट्रॉमा सेंटर का भवन भूतल मिलाकर छह तल का होगा। इसके साथ ही तीन बेसमेंट रहेंगे। ट्रॉमा सेंटर में कई विभाग संचालित होंगे। इससे रोगियों को एक छत के नीचे ही सारी विशेषज्ञताओं के इलाज मिल जाएंगे। रोगी को कहीं जाना नहीं पड़ेगा। ट्रॉमा सेंटर में ही ओपीडी चलेगी।
![]()










