बीना/सोनभद्र। जनपद के वरिष्ठ चिकित्सक, साहित्यकार एवं चर्चित उपन्यास “सोनभद्र की फूलमती” के लेखक डॉ. लवकुश प्रजापति को शुक्रवार को स्वर्गीय निरंजन जालान स्मृति साहित्यमणि सम्मान से सम्मानित किया गया। यह सम्मान जनपद मुख्यालय पर स्थित वरिष्ठ साहित्यकार एवं कवि अजय शेखर के आवास पर आयोजित एक गरिमामय समारोह में प्रदान किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन मधुरिमा साहित्य गोष्ठी द्वारा किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ साहित्यकार पारस नाथ मिश्रा ने की, जबकि संचालन प्रसिद्ध गीतकार जगदीश पंथी ने किया।
इस अवसर पर मधुरिमा साहित्य गोष्ठी के निदेशक अजय शेखर, जगदीश पंथी और फरीद अहमद ने डॉ. लवकुश प्रजापति को सम्मान पत्र, स्मृति चिन्ह, अंगवस्त्र तथा 21 हजार रुपये की सम्मान राशि प्रदान कर सम्मानित किया। समारोह में उपस्थित साहित्यकारों ने डॉ. प्रजापति के साहित्यिक योगदान की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी।
कार्यक्रम में वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. अर्जुन दास केसरी ने अपने संबोधन में कहा कि अपने गुरु के नाम पर इतना महत्वपूर्ण सम्मान स्थापित करना गुरु ऋण से उऋण होने का एक सराहनीय और सार्थक प्रयास है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से साहित्य के प्रति नई पीढ़ी को प्रेरणा मिलती है।
सम्मान समारोह के साथ ही एक काव्य गोष्ठी का भी आयोजन किया गया, जिसमें उपस्थित साहित्यकारों और कवियों ने अपनी रचनाओं का पाठ कर साहित्यिक वातावरण को समृद्ध बनाया।
इस अवसर पर वरिष्ठ साहित्यकार सुशील श्रीवास्तव ‘राही’, कृष्ण मुरारी गुप्ता, आलोक चतुर्वेदी, अब्दुल हई, ईश्वर विरागी, दिवाकर द्विवेदी ‘मेघ’, रामप्रसाद यादव, रामचंद्र देव पांडेय, राजेंद्र प्रसाद, जयराम सोनी, कृपाशंकर दूबे सहित अनेक साहित्यकार और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
![]()











