बीना/सोनभद्र/एबीएन न्यूज। म्योरपुर ब्लॉक क्षेत्र के पहाड़ी चन्दुआर–घरसड़ी गांव में शुक्रवार को भव्य कलश यात्रा के साथ श्री गायत्री महायज्ञ का शुभारम्भ हुआ। इस अवसर पर क्षेत्र में धार्मिक उत्साह और भक्ति का माहौल देखने को मिला। सैकड़ों श्रद्धालु गाजे-बाजे, ढोल-नगाड़ों और जयकारों के साथ शोभायात्रा में शामिल हुए।
दोपहर के समय श्रद्धालु श्री मोहन ब्रह्म बाबा स्थल से कलश लेकर शोभायात्रा के रूप में निकले और रिहन्द जलाशय पहुंचकर वहां से पवित्र जल भरकर वापस लौटे। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं द्वारा लगाए जा रहे जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं की शोभायात्रा गांव के विभिन्न मार्गों से होते हुए पुनः श्री मोहन ब्रह्म बाबा स्थल पहुंची, जहां विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कलश स्थापना की गई। कलश स्थापना के साथ ही औपचारिक रूप से महायज्ञ का शुभारम्भ हो गया।

महायज्ञ समिति के अनुसार यह धार्मिक आयोजन लगातार 10 दिनों तक चलेगा। प्रतिदिन दोपहर में यज्ञाचार्य ब्रजराज देव पाण्डेय जी महाराज (कुलगुरु) के सानिध्य में वैदिक विधि-विधान से यज्ञ सम्पन्न कराया जाएगा। इसके साथ ही श्रद्धालुओं को धर्मोपदेश भी दिया जाएगा, जिससे लोगों को धर्म और संस्कारों के प्रति जागरूक किया जा सके।

आयोजन के तहत प्रतिदिन शाम 7 बजे से रात्रि 11 बजे तक वृन्दावन बिहारीलाल की रासलीला (कृष्णलीला) का भव्य मंचन भी किया जाएगा। रासलीला को लेकर क्षेत्र के लोगों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।

महायज्ञ समिति ने बताया कि 16 मार्च 2026 को आयोजन के समापन अवसर पर विशाल महा-भण्डारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद ग्रहण करने के लिए आमंत्रित किया गया है।
इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में महायज्ञ समिति के पदाधिकारियों और ग्रामीणों का विशेष योगदान है। समिति में अध्यक्ष गोविन्द मिश्रा, धनेश्वर दुबे, सचिव बाबामणि दुबे, आशुतोष द्विवेदी, कोषाध्यक्ष विनोद दुबे, राजू तिवारी सहित अन्य पदाधिकारी सक्रिय रूप से सहयोग कर रहे हैं। वहीं सदस्य के रूप में दिनेश दुबे, बृज बिहारी दुबे, विजयनारायण शर्मा, ज्ञानेन्द्र बहादुर द्विवेदी, अमरेश चन्द्र दुबे, बबुआ राम दुबे, बाबूजी दुबे सहित अनेक ग्रामीण आयोजन को सफल बनाने में लगे हुए हैं।
![]()












