टी20 विश्व कप की तैयारियां पुख्ता करने उतरेगा भारत
मौजूदा टी20 विश्व चैंपियन भारतीय टीम इस सीरीज के साथ अगले साल स्वदेश में होने वाले टी20 विश्व कप के लिए अपनी तैयारियों की शुरुआत करेगी। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होने वाली यह सीरीज फरवरी में होने वाले विश्व कप के लिए भारत की औपचारिक तैयारी का आगाज है। विश्व कप से पहले भारतीय टीम 10 टी20 मैच खेलेगी। दक्षिण अफ्रीका के बाद वह न्यूजीलैंड के खिलाफ भी पांच मैच की सीरीज खेलेगी। विश्व कप में भारत अपना पहला मैच सात फरवरी को वानखेड़े में अमेरिका के खिलाफ खेलेगा।
गिल-हार्दिक की वापसी से मजबूत होगी टीम
गिल और हार्दिक की वापसी भारतीय टीम और भी मजबूत होगी। गिल दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ कोलकाता में खेले गए पहले टेस्ट मैच में गर्दन में अकड़न के कारण बाहर हो जाने के बाद वापसी कर रहे हैं। यह तय है कि गिल अभिषेक शर्मा के साथ पारी की शुरुआत करेंगे और तीसरे स्थान पर कप्तान सूर्यकुमार यादव उतरेंगे। भारत के लिए हार्दिक की वापसी भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। एशिया कप के दौरान क्वाड्रिसेप्स की चोट के कारण दो महीने से अधिक समय तक बाहर रहने वाले इस ऑलराउंडर ने शानदार वापसी करते हुए मुश्ताक अली ट्रॉफी में बड़ौदा की तरफ से एक मैच में 42 गेंदों में नाबाद 77 रन बनाए और फिर चार ओवर में 52 रन देकर एक विकेट लिया।
शानदार फॉर्म में दिख रहे हैं अभिषेक
विस्फोटक सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं। अभिषेक ने ऑस्ट्रेलिया में शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने 163 रन बनाए थे और वह भारत की तरफ से सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज थे। इसके बाद उन्होंने घरेलू स्तर पर भी अच्छा प्रदर्शन किया है। सैयद मुश्ताक अली टी20 टूर्नामेंट में पंजाब के इस बाएं हाथ के बल्लेबाज ने 50.66 की औसत और 249 से अधिक की स्ट्राइक रेट से 304 रन बनाए, जिसमें बंगाल के खिलाफ 52 गेंदों में 148 रन की तूफानी पारी भी शामिल है।
सूर्यकुमार को बल्ले से दिखाना होगा दम
कप्तान सूर्यकुमार यादव की लंबे समय से खराब फॉर्म इस सीरीज से पहले चर्चा का मुख्य विषय रहा है। आईपीएल में उन्होंने मुंबई इंडियंस के लिए 717 रन बनाए थे लेकिन इसके बाद वह अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाए। पिछले साल जुलाई में पूर्णकालिक टी20 कप्तान के रूप में पदभार संभालने के बाद से वह 15 पारियों में 184 रन ही बना पाए और उनका औसत 15.33 रहा। यही नहीं उनका स्ट्राइक रेट भी 127.77 तक गिर गया जबकि 2022 में यह 187 था। सूर्यकुमार के लिए विश्व कप से पहले यह सीरीज बेहद महत्वपूर्ण होगी क्योंकि मुश्ताक अली ट्रॉफी में भी वह पांच मैचों में 165 रन ही बना सके थे।
![]()
















