उत्तर प्रदेश में गलन भरी पछुआ हवाओं के साथ ठंड का माैसम अपने पूरे रंग में है। सुबह- शाम कोहरे और ठिठुरन भरी सर्द रातों के साथ पाैष माह की शुरुआत हो चुकी है। दिन में हो रही गुनगुनी धूप भी गलन से राहत नहीं दे रही।
धुंध और कोहरे की वजह से तराई के कुशीनगर, बहराइच में दृश्यता 50 मीटर से नीचे सिमट गई। वहीं आजमगढ़ में दृश्यता 300 मीटर दर्ज हुई। इटावा, अयोध्या, कानपुर शहर आदि में न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी नीचे रहा। माैसम विभाग का कहना है कि मंगलवार से प्रदेश में पारे में क्रमश: गिरावट जारी रहेगी। इस बीच लगातार दो पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से कई इलाकों में छिटपुट बादलों की माैजूदगी रहेगी।
आंचलिक माैसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह का कहना है कि फिलहाल उत्तर प्रदेश में लगातार दो पश्चिमी विक्षोभ के असर से कहीं कहीं बादलों की आवाजाही रहेगी। विक्षोभ के गुजरने के बादल छंटेंगे और धूप-छांव के माैसम से निजात मिलेगी। इस बीच प्रदेश के तराई व अन्य इलाकों में सुबह के समय हल्के से मध्यम धुंध व कोहरा बना रहेगा।











