लखनऊ के बीबीडी के सलारगंज शिवम ग्रीन सिटी में लिवइन पार्टनर की हत्या के बाद विकासनगर में एक और लिवइन पार्टनर की मौत का मामला सामने आया है। विकासनगर के सेक्टर-1 में किराये के मकान में रहने वाली मेकअप आर्टिस्ट नेहा मौर्य (24) का शव सोमवार रात घर में फंदे से लटका मिला। लिवइन पार्टनर अजीत उन्हें ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचा, जहां मृत घोषित कर दिया गया। नेहा के पिता ने पुलिस से जांच की मांग की है।
मूल रूप से बहराइच के मूर्तिहा गंगापुर निवासी नेहा एक वर्ष से किराये के मकान में रह रही थीं। वह हजरतगंज स्थित एक सैलून में मेकअप आर्टिस्ट थीं। पिता सत्यनारायण मौर्य का कहना है कि सोमवार रात करीब 11 बजे उनके गांव के अजीत मौर्य ने फोन कर बताया कि नेहा ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। वह उसे ट्रॉमा सेंटर ले जा रहे हैं। कुछ देर बाद परिजनों को पता चला कि नेहा की मौत हो गई है। खबर पाकर नेहा के परिजन लखनऊ पहुंच गए। मामला संदिग्ध देख डॉक्टरों ने पोस्टमार्टम कराने के लिए पुलिस को सूचना दे दी। इसके बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम हाउस भेजवाया।
ये भी पढ़ें – दस साल पहले रत्ना से दोस्ती…पति की मौत के बाद सूर्य से बढ़ीं नजदीकियां; इंजीनियर हत्याकांड की कहानी
ये भी पढ़ें – ‘मैंने मार डाला…’, लिव इन पार्टनर ने किया इंजीनियर प्रेमी का कत्ल; पांच घंटे लाश के साथ रहीं मां-बेटियां
घरवालों को नहीं थी लिवइन रिलेशन की जानकारी
पोस्टमार्टम हाउस पर मौजूद सत्यनारायण मौर्य ने बताया कि अजीत डीजे का काम करता है। उनकी बेटी उसके साथ लिवइन में थी, इसकी घरवालों को जानकारी नहीं थी। उन्होंने बताया कि अजीत शादीशुदा है। उसकी पत्नी व दो बच्चे गांव में रहते हैं। अजीत ने सत्यनारायण को बताया कि उसने मंदिर में नेहा से शादी की थी। पिता ने बेटी के साथ अनहोनी की आशंका जताई है।
अजीत का कहना है कि वह सोमवार रात नेहा को सैलून से घर लेकर आया। कुछ देर बाद वह सब्जी खरीदने चला गया। थोड़ी देर बाद लौटा तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। इसके बाद दरवाजा तोड़ दिया। कमरे में नेहा पंखे से दुपट्टे के सहारे लटकी थी। एसओ विकासनगर आलोक सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की सही वजह का पता चलेगा।











