एक सप्ताह पहले इगलास रोड स्थित पंप पर पेट्रोल भरवाने के दौरान आग लगने से झुलसे युवक शैलेंद्र (30) की 9 दिसंबर को सफदरगंज अस्पताल दिल्ली में उपचार के दौरान मौत हो गई। मंगलवार को परिजन शव लेकर आए तो ग्रामीणों का गुस्सा भड़क गया। उन्होंने शव रखकर पेट्रोल पंप को सीज करने की मांग करते हुए चार घंटे तक हंगामा किया।
इससे पहले युवक की मौत की सूचना मिलते ही संचालक और कर्मचारी पेट्रोल पंप बंद कर भाग गए। सूचना पर सीओ सिटी योगेंद्र कृष्ण नारायण और थाना हाथरस गेट पुलिस भी मौके पहुंच गई। ग्रामीणों ने पहले पेट्रोल पंप और फिर गांव के मोड़ पर हंगामा किया। यहां जाम भी लगाया। सीओ ने हंगामा कर रहे ग्रामीणों व परिजनों को समझाया और कार्रवाई का भरोसा देकर पुलिस की मौजूदगी में शव का अंतिम संस्कार कराया।
शैलेंद्र बुधु नगला हेमराज निवासी मूलचंद के पुत्र थे और गैस सिलिंडरों की सप्लाई करने का कार्य करते थे।पिता ने सोमवार को पेट्रोल पंप संचालक केशव सिंह राणा और सेल्समैन की लापरवाही को घटना के जिम्मेदार बताते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई थी। घटना की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद मंगलवार की सुबह दिल्ली में शव का पोस्टमार्टम हुआ, जिसके बाद दोपहर तीन बजे परिजन शव लेकर सीधे पेट्रोल पंप पर पहुंच गए।