Last Updated:
विवादों और कानूनी अड़चनों के बीच रिलीज हुई फिल्म ‘द केरल स्टोरी 2: गोज बियॉन्ड’ ने बॉक्स ऑफिस पर छह दिनों में लगभग 20.15 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन कर लिया है. फिल्म की शुरुआत कोर्ट के आदेशों के कारण धीमी रही, लेकिन होली की छुट्टी और वीकेंड पर इसकी कमाई में अच्छी बढ़त देखी गई. हालांकि, सीक्वल अपनी पहली फिल्म के मुकाबले काफी पीछे है, जिसने शुरुआती छह दिनों में ही 68 करोड़ से ज्यादा की कमाई की थी. कमाख्या नारायण सिंह द्वारा निर्देशित यह फिल्म जबरन धर्म परिवर्तन के संवेदनशील मुद्दे पर बात करती है, जिसे लेकर दर्शकों के बीच मिला-जुला रिएक्शन देखने को मिल रहा है.
‘द केरल स्टोरी 2: गोज बियॉन्ड’ धर्म परिवर्तन के संवेदनशील मुद्दे पर बनी है.
नई दिल्ली: विवादों के बीच सिनेमाघरों में रिलीज हुई फिल्म ‘द केरल स्टोरी 2: गोज बियॉन्ड’ बॉक्स ऑफिस पर अपनी जगह बनाने की पूरी कोशिश कर रही है. फिल्म ने पिछले शुक्रवार को थोड़ी धीमी शुरुआत की थी, जिसकी अहम वजह रिलीज को लेकर कोर्ट में चल रही कानूनी खींचतान थी. रिलीज की अनुमति मिलने के बाद पहले दिन तो फिल्म ने सिर्फ 75 लाख रुपये का बिजनेस किया, लेकिन जैसे ही दर्शकों को इसके थिएटर में होने की पुष्टि हुई, कमाई में तेजी देखने को मिली. वीकेंड और होली की छुट्टी का फिल्म को जबरदस्त फायदा मिला और देखते ही देखते इसने छह दिनों के भीतर करीब 20.15 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन पार कर लिया है. बुधवार 4 मार्च को कमाई में मामूली गिरावट जरूर आई, लेकिन वर्किंग डे के हिसाब से 3.5 करोड़ रुपये का आंकड़ा बुरा नहीं माना जा रहा.
कमाई के मामले में भले ही सीक्वल अपनी पकड़ बनाए हुए है, लेकिन अगर हम इसकी तुलना 2023 में आई पहली फिल्म ‘द केरल स्टोरी’ से करें, तो यह काफी पीछे नजर आती है. ईटाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, आपको याद होगा कि पहली फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर सुनामी ला दी थी और महज छह दिनों में ही हिंदी वर्जन से 68 करोड़ रुपये से ज्यादा कमा लिए थे. पहली फिल्म का कुल लाइफटाइम कलेक्शन 241 करोड़ रुपये से ऊपर रहा था, जबकि वर्ल्डवाइड उसने 300 करोड़ का जादुई आंकड़ा छुआ था. फिलहाल ‘द केरल स्टोरी 2’ का ग्रॉस डोमेस्टिक कलेक्शन 23.9 करोड़ रुपये के आसपास पहुंच गया है, जो ओरिजिनल फिल्म के मुकाबले कम तो है, पर फिल्म की अपनी लागत और विवादित विषय को देखते हुए इसे एक सम्मानजनक स्कोर माना जा सकता है.
सीमित दर्शकों के बीच पॉपुलर
फिल्म की कहानी की बात करें तो कमाख्या नारायण सिंह के निर्देशन में बनी यह फिल्म तीन ऐसी हिंदू महिलाओं के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अलग-अलग राज्यों से ताल्लुक रखती हैं. फिल्म में दिखाया गया है कि कैसे ये महिलाएं अपने परिवारों के खिलाफ जाकर मुस्लिम पुरुषों से शादी करती हैं और फिर उन्हें कथित तौर पर जबरन धर्म परिवर्तन के लिए मजबूर किया जाता है. फिल्म का विषय संवेदनशील होने की वजह से इसे लेकर सोशल मीडिया से लेकर कोर्ट तक काफी हंगामा देखने को मिला. फिलहाल फिल्म अपनी सीमित दर्शकों के बीच पॉपुलर बनी हुई है और देखना यह होगा कि दूसरे हफ्ते में यह कितनी लंबी रेस का घोड़ा साबित होती है.
About the Author

अभिषेक नागर News 18 Digital में Senior Sub Editor के पद पर काम कर रहे हैं. वे News 18 Digital की एंटरटेनमेंट टीम का हिस्सा हैं. वे बीते 6 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. वे News 18 Digital से पहल…और पढ़ें
![]()











