Last Updated:
रणवीर सिंह और अक्षय खन्ना की फिल्म ‘धुरंधर’ ने दुनिया भर के बॉक्स ऑफि से 674.5 करोड़ कमा लिए हैं. आदित्य धर के निर्देशन में बनी ‘धुरंधर’ की तारीफ में करण जौहर ने अपने जज्बात बयां किए हैं. उन्होंने फिल्म ‘होमबाउंड’ के ऑस्कर अवॉर्ड्स की बेस्ट इंटरनेशनल फीचर फिल्म कैटेगरी में शॉर्टलिस्ट होने पर भी खुशी जताई है.
नई दिल्ली: फिल्म ‘धुरंधर’ इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर शानदार कमाई कर रही है. इसे आदित्य धर ने निर्देशित किया है. रिलीज होने के बाद से फिल्म अब तक वर्ल्ड वाइड 674.5 करोड़ रुपए (भारत में 524.5 करोड़) की कमाई कर चुकी है. निर्देशक करण जौहर ने हाल में भी फिल्म की पूरी टीम की तारीफ की.
करण जौहर ने हाल में आईएएनएस से बातचीत में कहा, ‘मुझे यह फिल्म बहुत पसंद आई और मैं खुद को इससे काफी जुड़ा हुआ महसूस कर रहा हूं. बॉक्स ऑफिस पर फिल्म को मिल रही जबरदस्त सफलता देखकर खुशी हो रही है. पूरी टीम को जो तारीफ मिल रही है, वह पूरी तरह से उसकी हकदार है. मैं दिल से पूरी टीम को बधाई देता हूं. सभी ने बहुत अच्छा काम किया है. साथ ही मैं आदित्य धर की अगली फिल्म का बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं.’ करण जौहर ने आगे कहा कि फिल्म में सभी ने शानदार काम किया है. रणवीर सिंह, अर्जुन रामपाल या अक्षय खन्ना, सभी कलाकारों ने बेहतरीन परफॉर्म किया है.
फिल्म ‘होमबाउंड’ की हो रही तारीफ
फिल्म ‘धुरंधर’ में रणवीर सिंह, अक्षय खन्ना, संजय दत्त और आर. माधवन जैसे मंझे हुए कलाकार थे. कहानी, कास्ट, एक्शन और गाने की हर तरफ तारीफ हो रही है. इससे पहले अक्षय कुमार, अनुपम खेर और प्रीति जिंटा समेत कई अन्य कलाकारों ने भी फिल्म की तारीफ की थी. करण जौहर की फिल्म ‘होमबाउंड’ ऑस्कर अवॉर्ड्स की बेस्ट इंटरनेशनल फीचर फिल्म कैटेगरी में टॉप 15 की शॉर्टलिस्ट में चुनी गई है.
खुशी के साथ नर्वस भी हैं करण जौहर
करण जौहर ने फिल्म के बारे में कहा, ‘हम बहुत खुश हैं और थोड़े नर्वस भी हैं, क्योंकि हम एक अहम मोड़ पर पहुंच चुके हैं. यहां तक पहुंचना हमारे लिए बड़ी उपलब्धि है. टॉप 15 की लिस्ट में शामिल होना गर्व की बात है. मैं चयन समिति का दिल से शुक्रिया अदा करता हूं. हमने पूरी मेहनत और ईमानदारी से काम किया है. अब टॉप 15 में शामिल होना ही अपने आप में बड़ी सफलता है. बस उम्मीद है कि देशवासियों की दुआएं हमारे साथ रहें. आगे भी हम पूरी कोशिश करेंगे.
![]()










