लखनऊ/एबीएन न्यूज। पूर्वोत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और रेल कर्मचारियों के कल्याण को लेकर निरंतर प्रयासरत है। इसी क्रम में पूर्वोत्तर रेलवे के अपर महाप्रबंधक विनोद कुमार शुक्ल ने मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल, अपर मंडल रेल प्रबंधक (इंफ्रा) भुवनेश सिंह, अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) नीतू सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में बादशाहनगर रेलवे चिकित्सालय का गहन निरीक्षण किया। साथ ही अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत पुनर्विकसित किए जा रहे डालीगंज और बादशाहनगर रेलवे स्टेशनों की कार्य प्रगति का भी जायजा लिया।
बादशाहनगर स्टेशन पहुंचने पर अपर महाप्रबंधक ने द्वितीय प्रवेश द्वार की ओर सर्कुलेटिंग एरिया, प्लेटफार्म, फुट ओवर ब्रिज तथा प्रथम प्रवेश द्वार पर निर्माणाधीन स्टेशन भवन का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्री सुविधाओं की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की कमी न रहने पाए और सभी कार्य समयबद्ध ढंग से पूर्ण किए जाएं।

इसके पश्चात श्री शुक्ल ने बादशाहनगर रेलवे चिकित्सालय का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने नवीन बहिरंग विभाग, इंडोर यूनिट में इमरजेंसी कक्ष, सर्जिकल आईसीयू, लेबर रूम, लिनेन एवं औषधि भंडार, पुरुष एवं महिला वार्ड, ऑपरेशन थिएटर, बाल एवं महिला चिकित्सा वार्ड, स्पेशल वार्ड, नवजात गहन चिकित्सा कक्ष तथा रजिस्ट्रेशन एवं ओपीडी ब्लॉक का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने रेल कर्मचारियों एवं उनके आश्रितों को बेहतर और आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने मनोरंजन संस्थान बादशाहनगर में जिम एरिया, खेलकूद क्षेत्र और शूटिंग रेंज का भी गहन निरीक्षण किया।

इससे पूर्व अपर महाप्रबंधक ने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित हो रहे डालीगंज रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने प्रथम प्रवेश द्वार पर सर्कुलेटिंग एरिया, वाहन पार्किंग, बुकिंग ऑफिस, वीआईपी रूम, वातानुकूलित प्रतीक्षालय, अनारक्षित टिकट खिड़की, प्लेटफॉर्म और फुट ओवर ब्रिज की व्यवस्थाओं को परखा और आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय), वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक, वरिष्ठ मंडल सिगनल एवं दूरसंचार इंजीनियर, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (सामान्य), वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (समाडि), वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी, उप मुख्य इंजीनियर (गतिशक्ति), सहायक सुरक्षा आयुक्त सहित बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
![]()











