पंचायत चुनाव की मतदाता सूची में इस बार 24 वर्ष या इससे अधिक आयु वाले 75.74 लाख नए मतदाता शामिल किए गए हैं। बरेली मंडल में भी ऐसे 4.29 लाख मतदाता हैं। राज्य निर्वाचन आयोग ने इन सभी वोटरों की पात्रता की जांच का आदेश दिया है। साथ ही, सवाल पूछा है कि इस आयु वर्ग के मतदाताओं को वर्ष 2021 की मतदाता सूची में क्यों नहीं शामिल किया गया और अब किस आधार पर मतदाता बनाया गया है?
राज्य निर्वाचन आयोग के विशेष कार्याधिकारी डॉ. अखिलेश कुमार मिश्रा ने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों से कहा है कि त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचक नामावली वृहद पुनरीक्षण-2025 में 24 वर्ष या इससे अधिक आयु के नए मतदाताओं की संख्या 75,74,849 है।
यह भी पढ़ें- Bareilly News: जिन मतदाताओं के नाम काटे गए, उनकी सूची भी होगी सार्वजनिक
इससे स्पष्ट है कि ये मतदाता वर्ष-2021 की सूची में शामिल नहीं थे। पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत किए गए दावों-आपत्तियों की जिला निर्वाचन अधिकारी अपने स्तर से जांच कराएं और मतदाता सूची की शुद्धता को सुनिश्चित करें।
रिपोर्ट के मुताबिक, बदायूं जिले की मतदाता सूची में 1,19,536, शाहजहांपुर में 1,04,412 और पीलीभीत में 72,931 मतदाता 24 वर्ष या इससे अधिक आयु वाले हैं। इन्हें पात्र मानते हुए हाल में हुए पुनरीक्षण में चिह्नित कर वर्ष 2026 में होने वाले पंचायत चुनाव की मतदाता सूची में शामिल किया गया है।










