बांग्लादेश की अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना ने गुरुवार को अंतरिम सरकार के प्रमुख मोहम्मद यूनुस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि यूनुस के नेतृत्व वाली सरकार गैर-मुस्लिमों के खिलाफ “अकल्पनीय अत्याचार” कर रही है।
78 वर्षीय अवामी लीग नेता ने कहा कि मौजूदा शासक समूह ने अवैध रूप से सत्ता पर कब्जा किया है और उसने “धार्मिक अल्पसंख्यकों को जिंदा जलाने जैसे भयावह उदाहरण” पेश किए हैं। यह टिप्पणी उन्होंने पिछले सप्ताह बांग्लादेश में एक हिंदू युवक की कथित लिंचिंग की घटना का स्पष्ट संकेत था।
क्रिसमस के मौके पर अपने संदेश में हसीना ने यूनुस सरकार पर सभी धर्मों और समुदायों के लोगों को अपने-अपने धर्मों का पालन करने की स्वतंत्रता में हस्तक्षेप करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “खासकर, यह गैर-मुसलमानों के खिलाफ अकल्पनीय अत्याचार कर रही है। इसने धार्मिक अल्पसंख्यकों को जिंदा जलाने जैसे भयानक उदाहरण भी पेश किए हैं। मुझे पूरा विश्वास है कि बांग्लादेश के लोग इस अंधेरे समय को अब और जारी नहीं रहने देंगे।”
गौरतलब है कि अगस्त में हसीना सरकार के हटने के बाद से बांग्लादेश में हिंदू समुदाय सहित अन्य अल्पसंख्यकों पर हमलों की कई घटनाएं सामने आई हैं। दीपू हत्याकांड के बाद सोमवार को अल्पसंख्यक संगठनों ने ढाका में प्रदर्शन कर सरकार पर उन्हें सुरक्षा देने में विफल रहने का आरोप लगाया।












