बीना/सोनभद्र/एबीएन न्यूज। NTPC Limited के एनटीपीसी सिंगरौली परियोजना परिसर में 55वें राष्ट्रीय सुरक्षा दिवस/सप्ताह-2026 का शुभारंभ गुरुवार को किया गया। यह कार्यक्रम 5 मार्च से 11 मार्च 2026 तक आयोजित किया जाएगा, जिसका उद्देश्य कर्मचारियों, संविदा श्रमिकों तथा सहयोगी एजेंसियों के बीच सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और सुरक्षित कार्य-संस्कृति को और सुदृढ़ बनाना है। इस वर्ष कार्यक्रम की थीम “सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने के लिए लोगों की सहभागिता बढ़ाएँ, उन्हें शिक्षित करें और सशक्त बनाएं” रखी गई है।
सुरक्षा सप्ताह का शुभारंभ प्रशासनिक भवन परिसर में ध्वजारोहण के साथ हुआ। इसके बाद उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से सुरक्षा प्रतिज्ञा ली और कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों का पालन करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए परियोजना प्रमुख एवं कार्यकारी निदेशक संदीप नायक ने कहा कि औद्योगिक प्रतिष्ठानों में सुरक्षा केवल नियमों और निर्देशों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक कर्मचारी की सोच, व्यवहार और जिम्मेदारी का अभिन्न हिस्सा होनी चाहिए।
उन्होंने सभी विभागों से आह्वान किया कि कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए और ‘सेफ्टी फर्स्ट’ की भावना को दैनिक कार्य-संस्कृति में अपनाया जाए। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों, संविदा श्रमिकों और एजेंसी कर्मियों की सक्रिय भागीदारी, नियमित प्रशिक्षण और सतत जागरूकता के माध्यम से ही सुरक्षित एवं उत्तरदायी कार्य वातावरण का निर्माण संभव है।
इस अवसर पर महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण) सी एच किशोर कुमार तथा महाप्रबंधक (परियोजना) रश्मिरंजन मोहंती सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने सभी कर्मचारियों और सहयोगी एजेंसियों से कार्यस्थल पर सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने और जिम्मेदार कार्य-संस्कृति के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
सुरक्षा सप्ताह के दौरान कर्मचारियों और श्रमिकों को सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इनमें एजेंसी सुपरवाइजरों और कर्मचारियों के लिए जॉब सेफ्टी एनालिसिस (जेएसए) प्रतियोगिता, आपातकालीन प्रबंधन योजना (डीएमपी) पर प्रशिक्षण एवं सुरक्षा प्रश्नोत्तरी, चालकों और क्रेन ऑपरेटरों के लिए विशेष सुरक्षा प्रश्नोत्तरी तथा कर्मचारियों और श्रमिकों के लिए सुरक्षा गीत प्रतियोगिता शामिल हैं।

इसके अलावा एजेंसी श्रमिकों के लिए सुरक्षा प्रश्नोत्तरी, कर्मचारियों के लिए क्विज प्रतियोगिता, पीपीई पहनने की प्रतियोगिता और सुरक्षा विषय पर आधारित नाटिका (स्किट) का आयोजन भी किया जाएगा। सुरक्षा विषय पर रचनात्मक अभिव्यक्ति को बढ़ावा देने के लिए रंगोली, नारा, पोस्टर और पेंटिंग प्रतियोगिताएँ भी आयोजित होंगी, जिनमें कर्मचारियों, संविदा श्रमिकों और कर्मचारियों के बच्चों की भागीदारी सुनिश्चित की गई है।
सुरक्षा सुधार के लिए श्रमिकों से सुझाव प्राप्त करने हेतु संयंत्र परिसर के विभिन्न स्थानों पर सुरक्षा सुझाव पेटियाँ भी स्थापित की गई हैं। यह पूरा सुरक्षा सप्ताह के एस वेंकटरमन अपर महाप्रबंधक (सुरक्षा) के संयोजन में आयोजित किया जा रहा है।
कार्यक्रम का समापन संयंत्र परिसर स्थित सुरक्षा पार्क में आयोजित समारोह के साथ होगा, जहां विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा और प्रतिभागियों के योगदान की सराहना की जाएगी।
![]()











