बांग्लादेश के दिग्गज गायक जेम्स के फरीदपुर में होने वाले एक कार्यक्रम में शुक्रवार की रात को भीड़ ने हमला कर दिया। आयोजकों की ओर से पूरी तैयारियों के बावजूद भीड़ के पत्थर बरसाने और हमला करने के बाद कार्यक्रम को रद्द कर दिया गया।
डेली स्टार की रिपोर्ट के मुताबिक गायक जेम्स का कॉन्सर्ट शुक्रवार को रात करीब 9 बजे फरीदपुर जिला स्कूल परिसर में स्कूल की 185वीं वर्षगांठ के मौके पर आयोजित किया जाना था। आयोजन समिति के मुताबिक प्रवेश देने से मना किए जाने के बाद बाहरी लोगों के एक समूह ने कार्यक्रम स्थल में जबरन घुसने का प्रयास किया।
हमलावरों ने की पत्थरबाजी, मंच पर कब्जा करने की कोशिश
इन लोगों ने रोके जाने पर कथित तौर से ईंट-पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। भीड़ ने मंच पर कब्जा करने की कोशिश की। फरीदपुर जिला स्कूल के छात्रों ने हमले का विरोध किया, जिसकी वजह से हमलावरों को पीछे हटना पड़ा। रात करीब 10 बजे आयोजन समिति के संयोजक मुस्तफिजुर रहमान शमीम ने फरीदपुर के पुलिस उपायुक्त के निर्देश पर संगीत कार्यक्रम रद्द करने का एलान किया।
समिति के राजिबुल हसन खान ने बीडीन्यूज24 को बताया, ‘हमने जेम्स के संगीत कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली थीं। लेकिन हमें अभी भी समझ नहीं आ रहा है कि हमला क्यों हुआ, इसकी वजह क्या थी या इसके पीछे कौन था।’ उन्होंने आगे बताया कि घटना के दौरान ईंटों की चपेट में आने से फरीदपुर जिला स्कूल के कम से कम 15 से 20 छात्र घायल हो गए।
Today a violent mob attacked prominent singer James concert in Faridpur. He later left the venue immediately to save his life.
Extremist are on a mission to make Bangladesh failed country like Pakistan. pic.twitter.com/muqb87s6tf
— Redowan Ibne Saiful (@Redowanshakil) December 26, 2025
तस्लीमा नसरीन ने की हमले की निंदा
बांग्लादेश की निर्वासित लेखिका तस्लीमा नसरीन ने इस घटना के बारे में लिखते हुए बांग्लादेश में पनप रहे इस चलन की कड़ी निंदा की। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में तस्लीमा नसरीन ने कहा, ‘सांस्कृतिक केंद्र छायानाट को जलाकर राख कर दिया गया है। उदिची – वह संगठन जिसका गठन संगीत, रंगमंच, नृत्य, कविता पाठ और लोक संस्कृति को बढ़ावा देकर धर्मनिरपेक्ष और प्रगतिशील चेतना को पोषित करने के लिए किया गया था – उसे भी जलाकर राख कर दिया गया है। आज जिहादियों ने मशहूर गायक जेम्स के एक कार्यक्रम को रोक दिया।’
(खबर अपडेट की जा रही है।)











