कभी घने कोहरे की धुंधली सुबह, कभी दोपहर में खिलखिलाती तेज धूप और शाम होते ही बर्फीली हवाओं की चुभन। उत्तर भारत समेत राजधानी दिल्ली में इन दिनों मौसम मानो आंख-मिचौली खेल रहा है। ठंड जरूर महसूस हो रही है, लेकिन हालात न पूरी तरह कोल्ड डे के हैं और न ही कोल्ड वेव जैसी सख्ती दिख रही है। दिन में धूप निकलने के बावजूद सर्दी पीछा नहीं छोड़ रही, जिसकी वजह उत्तर-पश्चिम से चल रही ठंडी और बर्फीली हवाएं हैं।
दिल्ली-एनसीआर में मौसम का यह अजीब मिजाज लोगों को उलझन में डाल रहा है। कभी घना कोहरा छा जाता है, तो कभी बिल्कुल साफ आसमान नजर आता है। दिन में धूप थोड़ी राहत देती है, लेकिन शाम ढलते ही ठंड तेजी से बढ़ जाती है। दिन में धूप खिलने के बावजूद ठंडी हवाएं लोगों को कंपकंपाने पर मजबूर कर रही है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, अगले दस दिनों तक यही हालात बने रहने की संभावना है। इस दौरान ठंडी हवाएं चलती रहेंगी, लेकिन तापमान में बड़ी गिरावट नहीं होगी। राजधानी में इस बार सूखी सर्दी का दौर चल रहा है। फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है। हालांकि 15 जनवरी के बाद तापमान में हल्की बढ़ोतरी जरूर देखने को मिल सकती है।