Last Updated:
साउथ सुपरस्टार थलापति विजय की मोस्ट अवेटेड फिल्म जन नायकन की रिलीज को लेकर जारी कानूनी लड़ाई खत्म हो गई है. मद्रास हाई कोर्ट ने फिल्म के पक्ष में बड़ा फैसला सुनाते हुए सेंसर बोर्ड को आदेश दिया है कि वह फिल्म को तुरंत U/A सर्टिफिकेट जारी करे. सेंसर सर्टिफिकेट न मिलने के कारण फिल्म की 9 जनवरी की रिलीज को टालना पड़ा था, जिससे लाखों फैंस और मेकर्स को बड़ा झटका लगा था.
नई दिल्ली. सुपरस्टार थलापति विजय की फिल्म जन नायकन को लेकर चल रहे विवाद पर मद्रास हाई कोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाया है. कोर्ट ने सेंसर बोर्ड को आदेश दिया है कि फिल्म को तुरंत यू/ए सर्टिफिकेट जारी किया जाए. सर्टिफिकेट में देरी के कारण 9 जनवरी की रिलीज टल गई थी और मेकर्स ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था. हालांकि, अब कोर्ट से फिल्म को हरी झंडी मिल गई है. राजनीति में कदम रखने से पहले ‘जन नायकन’ थलापति विजय की आखिरी फिल्म है, इसलिए फैंस नई रिलीज डेट का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं.
क्यों टली थलापति विजय की ‘जन नायकन’ की रिलीज?
‘जन नायकन’ के सर्टिफिकेशन का मामला तब और विवादों में आ गया, जब केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) के एक सदस्य ने चेयरपर्सन को शिकायत भेजी. इसमें कहा गया कि फिल्म को यू/ए सर्टिफिकेट देने से पहले उनकी आपत्तियों पर ध्यान नहीं दिया गया. इस शिकायत के बाद सीबीएफसी ने फिल्म को रिवाइजिंग कमेटी के पास भेज दिया. यही कारण रहा कि फिल्म की रिलीज लगातार टलती रही. इसके चलते निर्माताओं को मद्रास हाई कोर्ट का रुख करना पड़ा.
फिल्ममेकर्स ने खटखटाया कोर्ट का दरवाजा
फिल्म निर्माता ने कोर्ट में दलील दी कि फिल्म अभी तक रिलीज नहीं हुई थी और न ही इसे किसी तीसरे पक्ष को दिखाया गया है. इसलिए किसी शिकायत के आधार पर सर्टिफिकेट रोकना मनमाना और अनुचित है. निर्माताओं ने कोर्ट से तुरंत सर्टिफिकेट जारी करने का आदेश देने की मांग की थी, ताकि फिल्म बिना और देरी के रिलीज हो सके.
साफ हुआ फिल्म जन नायकन की रिलीज का रास्ता
‘जन नायकन’ के निर्माताओं ने फिल्म केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड के चेन्नई कार्यालय में जमा की थी. स्क्रीनिंग कमेटी ने फिल्म देखी और यौन हिंसा, हिंसा और कुछ डायलॉग्स को लेकर मामूली कट लगाने की सिफारिश की. निर्माता सभी कट्स कर चुके थे और फिर फिल्म को दोबारा सीबीएफसी के पास भेजा. लेकिन शिकायत के कारण फिल्म रिवाइजिंग कमेटी के पास चली गई. अब कोर्ट के आदेश के बाद सर्टिफिकेट जारी होने से फिल्म की रिलीज का रास्ता साफ हो गया है.
थलापति विजय की आखिरी फिल्म है ‘जन नायकन’
बताते चलें कि थलापति विजय की आखिरी फिल्म जन नायकन का निर्देशन एच. विनोथ ने किया है और इसे केवीएन प्रोडक्शंस ने बनाया है. फिल्म में थलपति विजय के साथ पूजा हेगड़े और ममिता बैजू प्रमुख भूमिकाओं में हैं. फिल्म को 22 देशों में चार भाषाओं में रिलीज करने की तैयारी है.
About the Author

साल 2015 में दैनिक भास्कर से करियर की शुरुआत की. फिर दैनिक जागरण में बतौर टीम लीड काम किया. डिजिटल करियर की शुरुआत आज तक से की और एबीपी, ज़ी न्यूज़, बिज़नेस वर्ल्ड जैसे संस्थानों में काम किया. पिछले 6 सालों से …और पढ़ें
![]()










