घर में अंडे की सब्जी बनाने को लेकर पति-पत्नी में आपस में कहासुनी हो गई। इससे क्षुब्ध होकर युवक ने फंदा लगाकर जान दे दी। मां ने देखा तो परिजनों ने उसे फंदे से उतारकर जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
शहर कोतवाली क्षेत्र के शांतिनगर निवासी सुनीता सोनी ने बताया कि उसके देवर शुभम सोनी (28) ने शुक्रवार की रात घर के कमरे में बने रोशन दान से दुपट्टे से फंदा लगा लिया। घटना के समय उसकी मां मुन्नीदेवी सोनी ने देखा तो परिजनों ने फंदे से उतारकर उसे जिला अस्पताल ले गए। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। भाभी सुनीता के मुताबिक, शुभम रात में अंडे लाया था। उसने अपनी पत्नी आरती सोनी से अंडे की सब्जी बनाने के लिए कहा, इस पर पत्नी आरती ने मना कर दिया।
इस पर शुभम खुद घर में अंडे की सब्जी बनाने लगा। इस पर उसकी पत्नी से कहासुनी हो गई। इसी के चलते उसने आत्मघाती कदम उठा लिया। बताया कि शुभम की शादी 18 अप्रैल 2025 में हुई थी। उसके बच्चे नहीं हैं। वह पेटिंग का ठेका लेता था। पिता छोटेलाल सोनी की आठ साल पहले मौत हो चुकी है। चार भाइयों में सबसे छोटा था। शहर कोतवाल बलराम सिंह ने बताया कि पति-पत्नी के आपसी विवाद के चलते खुदकुशी की है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।











