लखनऊ/एबीएन न्यूज। देशवासियों को धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन का सुनहरा अवसर प्रदान करते हुए इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन लिमिटेड (आईआरसीटीसी) भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन के माध्यम से विशेष तीर्थ यात्रा का संचालन कर रहा है। यह यात्रा योग नगरी ऋषिकेश रेलवे स्टेशन से प्रारंभ होकर गया, पुरी, कोणार्क, कोलकाता, गंगासागर, बैजनाथ धाम, वाराणसी और अयोध्या जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों को कवर करेगी।
आईआरसीटीसी भारत सरकार के रेल मंत्रालय के अंतर्गत कार्यरत केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र का उपक्रम है, जो रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में खानपान व आतिथ्य सेवाओं के साथ-साथ घरेलू और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए जाना जाता है। इसी कड़ी में भारत गौरव पर्यटक ट्रेन के जरिए यह 9 रात और 10 दिन की विशेष तीर्थ यात्रा आयोजित की जा रही है।
इस यात्रा के अंतर्गत श्रद्धालु विष्णुपद मंदिर (गया), भगवान जगन्नाथ मंदिर (पुरी), कोणार्क सूर्य मंदिर, कोलकाता, गंगासागर, बैजनाथ धाम (जसीडीह), काशी विश्वनाथ मंदिर (वाराणसी) तथा अयोध्या में श्रीराम मंदिर, हनुमानगढ़ी और सरयू आरती के दर्शन कर सकेंगे।
यह ट्रेन योग नगरी ऋषिकेश से चलकर मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, हरदोई, लखनऊ, अयोध्या और वाराणसी होते हुए विभिन्न तीर्थ स्थलों तक जाएगी। यात्रा की तिथि 18 फरवरी 2026 से 27 फरवरी 2026 तक निर्धारित की गई है।
यात्रियों के लिए स्लीपर, 3 एसी और 2 एसी श्रेणी में कुल 767 बर्थ उपलब्ध हैं। पैकेज में रेल यात्रा के साथ नाश्ता, दोपहर और रात्रि का शाकाहारी भोजन, स्थानीय भ्रमण हेतु एसी व नॉन-एसी बसों की सुविधा शामिल है।
इकोनॉमी श्रेणी (स्लीपर क्लास) का पैकेज मूल्य 19,110 रुपये प्रति व्यक्ति है, जबकि 5 से 11 वर्ष के बच्चों के लिए यह 17,950 रुपये रखा गया है। स्टैंडर्ड श्रेणी (3 एसी) में पैकेज मूल्य 31,720 रुपये प्रति व्यक्ति और बच्चों के लिए 30,360 रुपये है। वहीं कम्फर्ट श्रेणी (2 एसी) में यात्रा करने पर पैकेज मूल्य 41,980 रुपये प्रति व्यक्ति तथा बच्चों के लिए 40,350 रुपये निर्धारित किया गया है।
इस यात्रा पैकेज में एलटीसी और ईएमआई की सुविधा भी उपलब्ध है। ईएमआई सुविधा आईआरसीटीसी पोर्टल पर उपलब्ध सरकारी और गैर-सरकारी बैंकों के माध्यम से ली जा सकती है। बुकिंग पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर की जाएगी।
यात्रा की बुकिंग आईआरसीटीसी कार्यालय, पर्यटन भवन, गोमती नगर, लखनऊ से अथवा आईआरसीटीसी की वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन की जा सकती है। अधिक जानकारी और बुकिंग के लिए 8287930199, 9236391908, 8287930908, 7302821864, 8285469807 और 8287930909 नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है।
![]()












