राबर्ट्सगंज, डंडई व प्रतापपुर ने सेमीफाइनल में बनाई जगह
महुली/सोनभद्र,/एबीएन न्यूज। सोनभद्र जनपद की दुद्धी तहसील अंतर्गत महुली खेल मैदान में आयोजित 78वें श्री राजा बरियार शाह अंतर्राज्यीय फुटबॉल टूर्नामेंट के चौथे दिन खेले गए क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में रोमांच अपने चरम पर रहा। तीनों मुकाबलों में खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया, जिससे दर्शक देर शाम तक तालियों और नारों से खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते नजर आए।
दिन का पहला क्वार्टर फाइनल मुकाबला भवनाथपुर (झारखंड) और राबर्ट्सगंज (सोनभद्र) के बीच खेला गया। मैच के पहले हाफ में राबर्ट्सगंज की टीम ने आक्रामक खेल का शानदार प्रदर्शन करते हुए चार गोल दागकर मुकाबले पर पूरी तरह नियंत्रण स्थापित कर लिया। भवनाथपुर की टीम ने भी संघर्ष करते हुए एक गोल किया, लेकिन हाफ टाइम तक स्कोर 4–1 रहा। दूसरे हाफ में राबर्ट्सगंज ने एक और गोल कर स्कोर 5–1 कर दिया। इस प्रकार राबर्ट्सगंज सोनभद्र ने भवनाथपुर झारखंड को चार गोल के अंतर से पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
टूर्नामेंट का दूसरा क्वार्टर फाइनल मुकाबला डंडई (झारखंड) और मिर्जापुर (उत्तर प्रदेश) के बीच खेला गया। पहले हाफ में डंडई झारखंड के 15 नंबर जर्सीधारी खिलाड़ी पवन सिंह ने शानदार गोल कर अपनी टीम को 1–0 की बढ़त दिलाई। दूसरे हाफ में 17 नंबर जर्सीधारी खिलाड़ी अंकित ने एक और गोल दागकर बढ़त को 2–0 कर दिया। दोनों टीमों के लगातार प्रयासों के बावजूद स्कोर में कोई बदलाव नहीं हुआ और डंडई झारखंड ने मिर्जापुर को 2–0 से हराकर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।

दिन का तीसरा और सबसे रोमांचक मुकाबला महुली बी और प्रतापपुर (छत्तीसगढ़) के बीच खेला गया। पहले हाफ में प्रतापपुर की टीम ने दो गोल कर बढ़त बना ली। दूसरे हाफ में महुली बी ने एक गोल कर मुकाबले को रोमांचक बना दिया। इसके बाद प्रतापपुर ने तीसरा गोल किया, वहीं महुली बी ने तुरंत जवाब देते हुए दूसरा गोल दागा। अंततः प्रतापपुर छत्तीसगढ़ ने महुली बी को 3–2 से पराजित कर अगले चक्र में प्रवेश किया।
सभी मुकाबलों में रेफरी दीपक सिंह तथा लाइनमैन राजनाथ गोस्वामी, राजकपूर कन्नौजिया और विजेंदर कन्नौजिया ने निष्पक्ष एवं सराहनीय भूमिका निभाई।
मैच के दौरान क्लब अध्यक्ष अरविंद जायसवाल, उपाध्यक्ष वीरेंद्र कन्नौजिया, पंकज गोस्वामी, अमित कुमार कन्नौजिया, संरक्षक वीरेंद्र चौधरी, अमरेश कुमार कन्नौजिया, रामकेश जायसवाल, बुंदेल चौबे, विवेक कुमार कन्नौजिया, खेल प्रभारी दिलीप कुमार कन्नौजिया सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं खेल प्रेमी दर्शक उपस्थित रहे। दर्शकों की भारी भीड़ से महुली खेल मैदान दिनभर गुलजार रहा और टूर्नामेंट का उत्साह और अधिक बढ़ गया।
![]()












