मध्यप्रदेश से उत्तर प्रदेश लायी जा रही थी शराब, वाहन कब्जे में, चालक फरार
दुद्धी/सोनभद्र,/एबीएन न्यूज। थाना दुद्धी पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के विरुद्ध बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक लग्जरी कार से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब एवं बीयर बरामद की है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सोनभद्र के निर्देश तथा अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय के पर्यवेक्षण में की गई।
पुलिस को मुखबिर के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई थी कि बहड़ामाड़ू–दुद्धी मार्ग पर सड़क किनारे खड़ी एक बैनर आर कार के जरिए अवैध रूप से अंग्रेजी शराब व बीयर का परिवहन किया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए दुद्धी पुलिस टीम ने गुमा मोड़, दुद्धी के पास सघन चेकिंग अभियान चलाया। जांच के दौरान संदिग्ध कार की तलाशी ली गई, जिसमें बड़ी मात्रा में अवैध शराब बरामद हुई।
बरामदगी का विवरण इस प्रकार है:
ओल्ड मंक एक्स्ट्रा स्पेशल XXX प्रीमियम रम (750 एमएल) की 41 बोतल, जिसकी कुल मात्रा लगभग 30.75 लीटर है।
आफ्टर डार्क ब्लू डीलक्स ग्रेन व्हिस्की (180 एमएल) की 80 शीशी, जिसकी कुल मात्रा लगभग 14.04 लीटर है।
किंगफिशर बीयर (500 एमएल) के 60 कैन तथा बडवाइजर बीयर (500 एमएल) के 30 कैन बरामद किए गए।
इस प्रकार कुल मिलाकर लगभग 45 लीटर से अधिक अंग्रेजी शराब एवं बीयर बरामद की गई।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि बरामद शराब की बोतलों पर “For Sale in Madhya Pradesh Only” अंकित था, जिससे अवैध अंतरराज्यीय शराब तस्करी की पुष्टि हुई है। बरामदगी के आधार पर वाहन को कब्जे में लेते हुए थाना दुद्धी में मु0अ0सं0-17/2026 धारा 318(4) बीएनएस एवं 60/63/72 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
वाहन स्वामी के रूप में अब्दुल कय्यूम अंसारी पुत्र अब्दुल हमीद अंसारी, निवासी खलीलपुरा, फुलवारी शरीफ रोड, नजमा हाई स्कूल के पास, पटना का नाम सामने आया है। वाहन चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी पहचान अभी नहीं हो सकी है।
व0उ0नि0 कंवर सिंह, थाना दुद्धी, उ0नि0 हरीकेश राम, प्रभारी चौकी कुसहा, हे0का0 भगवंत एवं का0 आकाश सरोज, थाना दुद्धीl पुलिस के अनुसार फरार चालक की तलाश जारी है तथा अवैध शराब तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। दुद्धी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अवैध शराब के कारोबार के विरुद्ध अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।
![]()











