बिना स्वीकृति लेआउट के प्लाटिंग करने वालों को नोटिस, स्थलीय निरीक्षण शुरू
सोनभद्र/एबीएन न्यूज। जिलाधिकारी सोनभद्र के निर्देश पर विनियमित क्षेत्र रॉबर्ट्सगंज के अंतर्गत आने वाले विभिन्न ग्रामों में अवैध प्लाटिंग एवं टैक्स चोरी के मामलों पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। शिकायत प्राप्त हुई थी कि कुछ प्लाटिंग कंपनियों व प्लाटरों द्वारा टैक्स की चोरी की नीयत से किसानों की भूमि को पहले एग्रीमेंट पर लिया जाता है और बाद में पुनः किसान के नाम से बिक्री कराई जाती है, जिससे राजस्व की हानि हो रही है।
इसके साथ ही यह भी सामने आया कि संबंधित प्लाटर व कंपनियां बिना किसी सक्षम संस्था से अनापत्ति प्रमाण पत्र, बिना राजस्व विभाग एवं विनियमित क्षेत्र कार्यालय से लेआउट प्लान स्वीकृत कराए ही अवैध रूप से प्लाटिंग कर भूमि का विक्रय कर रही हैं। यह कार्य न केवल नियमों का उल्लंघन है, बल्कि आम नागरिकों को भी भविष्य में कानूनी समस्याओं में डाल सकता है।
इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए विनियमित क्षेत्र कार्यालय एवं तहसील रॉबर्ट्सगंज के अधिकारियों के आपसी समन्वय से कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है। अवैध प्लाटिंग वाले क्षेत्रों में बिना निर्धारित मानकों को पूरा किए प्लाटिंग करने वाले व्यक्तियों एवं कंपनियों को नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
स्थलीय निरीक्षण के दौरान संबंधित प्लाटरों एवं कंपनियों को स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि बिना राजस्व विभाग एवं विनियमित क्षेत्र से लेआउट प्लान की विधिवत स्वीकृति प्राप्त किए कोई भी प्लाटिंग अथवा भूमि विक्रय का कार्य न किया जाए। अधिकारियों ने कहा कि नियमों के उल्लंघन की स्थिति में आगे और कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन का कहना है कि इस कार्रवाई का उद्देश्य अवैध प्लाटिंग पर अंकुश लगाना, टैक्स चोरी को रोकना तथा नागरिकों के हितों की रक्षा करना है। अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
![]()












