लखनऊ/एबीएन न्यूज। उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के मण्डल रेल प्रबंधक श्री सुनील कुमार वर्मा ने प्रयाग जंक्शन से जंघई होते हुए माँ बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़ रेल खंड का विस्तृत निरीक्षण किया। इस निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य रेल संरक्षा, यात्रियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं तथा इस खंड पर चल रहे विकास एवं निर्माण कार्यों की प्रगति का आकलन करना रहा।
निरीक्षण के दौरान मण्डल रेल प्रबंधक ने जंघई से माँ बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़ मार्ग पर स्थित लेवल क्रॉसिंग संख्या 53सी का निरीक्षण कर वहाँ मौजूद संरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की। साथ ही इस मार्ग पर निर्माणाधीन रेलवे ब्रिज के कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्य की गुणवत्ता बनाए रखने एवं समयबद्ध पूर्णता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके पश्चात मण्डल रेल प्रबंधक ने नीभापुर, बादशाहपुर, सुवंसा एवं गौरा रेलवे स्टेशनों पर चल रहे स्टेशन अपग्रेडेशन तथा अन्य निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने प्लेटफार्म विकास, यात्री शेड, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, सर्कुलेटिंग एरिया, पहुँच मार्ग एवं अन्य यात्री सुविधा से जुड़े कार्यों की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान प्रत्येक स्टेशन पर स्टेशन अधीक्षक कक्ष का भी अवलोकन किया गया तथा स्टेशन अधीक्षकों से संवाद कर उनकी कार्यप्रणाली, प्रशासनिक व्यवस्थाओं एवं यात्री सेवा संबंधी प्रक्रियाओं की जानकारी ली गई।

निरीक्षण के अगले चरण में मण्डल रेल प्रबंधक का आगमन माँ बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़ रेलवे स्टेशन पर हुआ, जहाँ उन्होंने स्टेशन का विस्तृत निरीक्षण किया। इस अवसर पर उन्होंने स्टेशन पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों से संवाद स्थापित करते हुए क्षेत्रीय आवश्यकताओं, यात्री सुविधाओं तथा रेल विकास से संबंधित सुझावों पर चर्चा की। इसके अतिरिक्त मण्डल रेल प्रबंधक ने माँ बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़ से प्रयाग जंक्शन रेल मार्ग पर स्थित सेवाइत रेलवे स्टेशन का भी निरीक्षण किया और वहाँ उपलब्ध यात्री सुविधाओं, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य बुनियादी ढाँचागत सुविधाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान मण्डल रेल प्रबंधक ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी विकास एवं अपग्रेडेशन कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप एवं तय समय-सीमा के भीतर पूर्ण किए जाएँ, ताकि यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और बेहतर रेल सेवा उपलब्ध कराई जा सके। इस अवसर पर मंडल के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।
![]()












