लखनऊ/एबीएन न्यूज। माघ मेला–2026 के अवसर पर श्रद्धालुओं की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में मण्डल रेल प्रबंधक उत्तर रेलवे, लखनऊ श्री सुनील कुमार वर्मा ने प्रयाग जंक्शन रेलवे स्टेशन पर की गई यात्री सुविधा एवं भीड़ प्रबंधन संबंधी व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने स्टेशन परिसर में यात्रियों की सुगम आवाजाही, अतिरिक्त टिकट काउंटरों की व्यवस्था, यात्री आश्रय स्थल, पेयजल, शौचालय, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था तथा सीसीटीवी निगरानी प्रणाली का विस्तार से जायजा लिया। इसके साथ ही उन्होंने भीड़ नियंत्रण के लिए बनाए गए प्रवेश एवं निकास मार्गों, प्लेटफार्मों पर की गई बैरिकेडिंग, सूचना प्रणाली तथा उद्घोषणा व्यवस्था की भी समीक्षा की।

माघ मेला के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से तैनात अतिरिक्त टिकट चेकिंग स्टाफ, आरपीएफ, जीआरपी, सिविल डिफेन्स, स्काउट एवं गाइड की कार्यप्रणाली की मण्डल रेल प्रबंधक ने सराहना की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि विशेष स्नान पर्वों के दौरान सभी व्यवस्थाएँ पूरी तत्परता के साथ सुनिश्चित की जाएं।

डीआरएम श्री सुनील कुमार वर्मा ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा उत्तर रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है। माघ मेला अवधि में किसी भी यात्री को असुविधा न हो, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें और सतत निगरानी बनाए रखें।
![]()












