लखनऊ/एबीएन न्यूज। महाप्रबंधक, पूर्वोत्तर रेलवे श्री उदय बोरवणकर के दिशा-निर्देश पर सम्पूर्ण पूर्वोत्तर रेलवे में व्यापक स्वच्छता जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मंडल रेल प्रबंधक श्री गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन में गुरुवार को लोको कॉलोनी, ऐशबाग (लखनऊ) में स्वच्छता जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।

मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रमेश चंद के नेतृत्व में आयोजित इस रैली के माध्यम से कॉलोनीवासियों को स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। रैली के दौरान अलग-अलग कचरा निपटान, एक बार उपयोग होने वाले प्लास्टिक के पूर्ण बहिष्कार, तंबाकू सेवन पर रोक, बायोडिग्रेडेबल अपशिष्ट के उपयोग, पुनर्चक्रण तथा पुन: उपयोग योग्य कचरे को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. दीक्षा चौधरी एवं डॉ. संजय तिवारी ने कॉलोनी के निवासियों, कर्मचारियों एवं उनके परिवारों को संबोधित करते हुए तंबाकू सेवन से होने वाले दुष्प्रभाव, प्लास्टिक प्रदूषण, मुख स्वास्थ्य की देखभाल तथा पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर विस्तृत जानकारी दी।

रैली में कॉलोनी के सभी हेल्थ इंस्पेक्टर उपस्थित रहे। कॉलोनी के निवासियों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग किया। आयोजन के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली को अपनाने और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम के अंत में यह संदेश दिया गया कि स्वास्थ्य ही धन है तथा रोकथाम इलाज से बेहतर है। स्वच्छता एवं जागरूकता के माध्यम से ही स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है।
![]()











