Last Updated:
‘हसरतें सीजन 3’ समाज के दिखावे, तनावपूर्ण रिश्तों और छिपी हुई मानवीय इच्छाओं को बेबाकी से उजागर करता है. मुग्धा चाफेकर के इस नए सफर को दर्शकों का भरपूर प्यार मिल रहा है.
नई दिल्ली: टेलीविजन और फिल्म इंडस्ट्री में अपनी अदाकारी का लोहा मनवाने के बाद लोकप्रिय अभिनेत्री मुग्धा चाफेकर ने आखिरकार डिजिटल दुनिया में कदम रख दिया है. मुग्धा ने हंगामा ओटीटी (Hungama OTT) के चर्चित शो ‘हसरतें’ (Hasratein) के तीसरे सीजन के साथ अपना शानदार ओटीटी डेब्यू किया है.
इस सीरीज का नया एपिसोड ‘हल्ला बोल’, जो 22 जनवरी को रिलीज हुआ, मुग्धा के एक दमदार अभिनय को दर्शाता है. इसमें उन्होंने ‘ज्योति’ नाम की महिला का किरदार निभाया है, जो एक राजनेता की पत्नी है और घरेलू हिंसा का शिकार है. कहानी में ज्योति को पितृसत्तात्मक समाज के खेल में एक ‘कठपुतली उम्मीदवार’ बनाकर चुनावी मैदान में उतारा जाता है. शुरुआत में दबी-सहमी रहने वाली ज्योति धीरे-धीरे राजनीति की बारीकियों को समझने लगती है. कहानी का मुख्य आकर्षण वह क्षण है जब वह चुप्पी और डर की बेड़ियाँ तोड़कर विद्रोह का रास्ता चुनती है. यह किरदार न केवल मुग्धा के अभिनय की विविधता को दिखाता है, बल्कि महिला सशक्तिकरण और आंतरिक शक्ति का एक प्रेरणादायक संदेश भी देता है.
सही कहानी का था इंतजार
ओटीटी की ओर रुख करने पर मुग्धा ने बताया, ‘मैं लंबे समय से डिजिटल प्लेटफॉर्म पर काम करना चाहती थी, लेकिन मुझे एक ऐसी कहानी की तलाश थी जो दिल को छू जाए. जब हंगामा ओटीटी ने मुझे इस महिला-केंद्रित और दमदार भूमिका के लिए संपर्क किया, तो मुझे लगा कि यही वह मौका है जिसका मुझे इंतजार था.’ सेट के अनुभवों को साझा करते हुए उन्होंने अपनी को-स्टार सनम की तारीफ की. मुग्धा ने कहा कि सनम एक मेहनती अभिनेत्री होने के साथ-साथ शानदार डांसर भी हैं. शूटिंग के बीच में मस्ती और डांस के पलों ने काम के बोझ को हल्का कर दिया और सेट पर एक सकारात्मक ऊर्जा बनी रही.
मुग्धा चाफेकर का अब तक का सफर
मुग्धा चाफेकर का मनोरंजन जगत से रिश्ता काफी पुराना है. उन्होंने बॉलीवुड फिल्म ‘आजमाइश’ में बाल कलाकार के रूप में करियर शुरू किया था. साल 2006 में शो ‘क्या मुझसे दोस्ती करोगे’ से छोटे पर्दे पर कदम रखा. उन्हें ऐतिहासिक ड्रामा ‘धरती का वीर योद्धा पृथ्वीराज चौहान’ में संयोगिता और हिट शो ‘कुमकुम भाग्य’ में प्राची के किरदार से घर-घर में पॉपुलैरिटी मिली.
About the Author

अभिषेक नागर News 18 Digital में Senior Sub Editor के पद पर काम कर रहे हैं. वे News 18 Digital की एंटरटेनमेंट टीम का हिस्सा हैं. वे बीते 6 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. वे News 18 Digital से पहल…और पढ़ें
![]()










