लखनऊ/एबीएन न्यूज। उत्तर रेलवे के वाणिज्य विभाग के सतर्क एवं संवेदनशील स्टाफ द्वारा मानवीय जिम्मेदारी का परिचय देते हुए एक सराहनीय कार्य किया गया। आज दिनांक 28 जनवरी 2026 को वाराणसी जंक्शन पर गाड़ी संख्या 12562 नई दिल्ली–जयनगर स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस के सामान्य कोच से 05 नाबालिग बच्चों (03 बालक एवं 02 बालिकाएँ) को सुरक्षित रूप से रेस्क्यू किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नई दिल्ली से यात्रा कर रहे इन नाबालिग बच्चों को ड्यूटी पर तैनात वाणिज्य स्टाफ ने संदिग्ध परिस्थितियों में अकेले यात्रा करते हुए देखा। तत्परता दिखाते हुए बच्चों से पूछताछ की गई तथा उनके परिजनों से दूरभाष पर संपर्क किया गया। बातचीत के दौरान यह तथ्य सामने आया कि सभी नाबालिग बच्चे अपने घर से बिना बताए निकल आए थे और जनरल कोच में यात्रा कर रहे थे।

ड्यूटी पर तैनात वाणिज्य स्टाफ श्री प्रिंस कुमार सिंह (CCTC), श्री मोहित कुमार सिन्हा (CCTC), श्री गुलशन कुमार श्रीवास्तव (CCTC) एवं श्री सुशील कुमार भगत (CCTC) ने मामले की गंभीरता को समझते हुए तत्काल रेलवे सुरक्षा बल (RPF) को सूचित किया। सूचना मिलते ही आरपीएफ द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी नाबालिग बच्चों को सुरक्षित रूप से वाराणसी जंक्शन पर उतारा गया।
इसके उपरांत आरपीएफ द्वारा बच्चों को चाइल्ड हेल्पलाइन के सुपुर्द कर दिया गया, जिससे उनके संरक्षण, सुरक्षा एवं आगे की वैधानिक प्रक्रिया सुनिश्चित की जा सके। इस पूरे घटनाक्रम में वाणिज्य स्टाफ एवं आरपीएफ के बीच बेहतर समन्वय देखने को मिला। उत्तर रेलवे न केवल यात्रियों की सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्ध है, बल्कि समाज के प्रति अपनी सामाजिक जिम्मेदारियों के निर्वहन हेतु भी सदैव सजग और संवेदनशील है। वाणिज्य स्टाफ एवं रेलवे सुरक्षा बल की इस त्वरित, मानवीय एवं सराहनीय कार्रवाई की सर्वत्र प्रशंसा की जा रही है।
![]()












