सोनभद्र/एबीएन न्यूज। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में आज कलेक्ट्रेट सभागार में माननीय प्रेक्षक रोल आयुक्त, विंध्याचल मंडल श्री राजेश प्रकाश की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान मतदाता सूची के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अंतर्गत चल रहे दावा-आपत्ति अभियान पर विस्तार से चर्चा की गई।
माननीय प्रेक्षक रोल आयुक्त ने बताया कि दावा-आपत्ति एवं नोटिस की सुनवाई का कार्य 6 जनवरी 2026 से प्रारंभ होकर 6 फरवरी 2026 तक चलेगा। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से सीधा संवाद करते हुए अपील की कि 30 एवं 31 जनवरी 2026 को आयोजित विशेष मतदाता पंजीकरण अभियान के दौरान वे अपने बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) के माध्यम से अधिक से अधिक पात्र नागरिकों से फार्म-6 भरवाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत निर्वाचन आयोग का निर्देश है कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे।
माननीय प्रेक्षक ने जानकारी दी कि 30 और 31 जनवरी को विशेष अभियान के तहत ऐसे सभी पात्र नागरिक, जिनका नाम किसी कारणवश अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हो सका है, वे अपने नजदीकी बूथ पर जाकर आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए यह अत्यंत आवश्यक है कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज हो।

बैठक में यह भी बताया गया कि अभियान के दौरान सभी संबंधित बूथों पर बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) उपस्थित रहेंगे। इस दौरान नाम जोड़ने के साथ-साथ नाम में सुधार, पता परिवर्तन तथा अन्य त्रुटियों के निराकरण की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। माननीय प्रेक्षक ने राजनीतिक दलों से अपील की कि वे इस अभियान की जानकारी जन-जन तक पहुंचाएं ताकि कोई भी मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रह जाए।
इस अवसर पर जिला निर्वाचन अधिकारी श्री बी.एन. सिंह ने आम नागरिकों से अपील की कि जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं हुआ है, वे निर्धारित तिथियों में इस विशेष अभियान का लाभ उठाते हुए फार्म-6 भरकर अपना नाम मतदाता सूची में अवश्य दर्ज कराएं।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) श्री वागीश कुमार शुक्ला, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) श्री रमेश चंद्र, सहायक निर्वाचन अधिकारी श्री जगरूप पटेल सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी दलों के प्रतिनिधियों ने अभियान में पूर्ण सहयोग देने और मतदाता जागरूकता बढ़ाने का आश्वासन दिया।
![]()











