Last Updated:
Bolllywood Blockbuster Movie : बॉलीवुड की कई सुपरहिट गाने कविताओं से भी निकले हैं. गीतकार इंदीवर ने सुपर को एक लाइन कविता की सुनाई. यह लाइन सुपरस्टार फिरोज खान के दिल में बस गई. जब उन्होंने फिल्म बनाई तो इस कविता को एक गाने का रूप दिलवाया. संगीतकार कल्याण जी आनंद जी ने इस गाने की धुन बनाई. दिलचस्प बात यह है कि इस फिल्म के एक गाने की शूटिंग के दौरान फिरोज खान ने हीरोइन के लिप किस करने की इच्छा जताई थी. गाना ब्लॉकबस्टर निकला. फिल्म भी सुपरहिट रही. आइये जानते हैं दिलचस्प किस्सा…
साल 1975 की शुरुआत में ही ‘दीवार’ फिल्म ने इतिहास रच दिया. अमिताभ बच्चन सुपरस्टार के तौर पर स्थापित हो गए. इसी दौरान इंडस्ट्री में एक और हैंडसम हीरो की फिल्म आई. फिल्म मॉडर्न स्टाइल में थी. इस मूवी का नाम धर्मात्मा था. यह बॉलीवुड की पहली फिल्म है जिसे अफगानिस्तान में फिल्माया गया. फिरोज खान, हेमा मालिनी, रेखा, नाजिर हुसैन, प्रेमनाथ, इत्मियाज खान, फरीदा जलाल, रंजीत, डैनी डेन्जोंगपा, मदन पुरी, इफ्तिखार और दारा सितारों जैसे सितारों से सजी धर्मात्मा एक थ्रिलर फिल्म थी. इसका डायरेक्शन-प्रोडक्शन फिरोज खान ने ही किया था. मूवी 9 मई 1975 को रिलीज हुई थी. इस फिल्म के दो सुपरहिट गाना आज भी लवर्स की पहली पसंद हैं. एक गाने में फिरोज खान का हीरोइन के साथ किसिंग सीन भी होना था. आइये जानते हैं दिलचस्प किस्सा…..

1972 में आई अमेरिकन फिल्म द गॉडफादर को जब फिरोज खान ने देखा तो इस पर एक फिल्म बनाने का फैसला किया. राइटर कौशल भारती को फिल्म लिखने का काम सौंपा. स्टोरी-स्क्रीनप्ले और डायलॉग कौशल भारती ने लिखे. फिल्म में धर्मात्मा का कैरेक्ट प्रेमनाथ ने निभाया. फिरोज खान इस फिल्म को हॉलीवुड स्टाइल में ही बनाना चाहते थे. वो फिल्म की लोकेशन देखने के लिए अफगानिस्तान गए. वहां के राजा जाहिर शाह ने उनका स्वागत किया और फिल्म शूट करने की इजाजत दे दी. पहले इस फिल्म में धर्मात्मा के बेटे का रोल राजेश खन्ना को और फिरोज खान को जंगूरा की भूमिका निभानी थी. कहानी भी कुछ और थी लेकिन राजेश खन्ना से बात नहीं बनी.

कहानी में बदलाव किया गया. धर्मात्मा के बेटे का रोल फिरोज खान ने निभाया. जंगूरा की भूमिका डैनी के हिस्से में आई. फिरोज खान फिल्म में रेखा की जगह पहले जीनत अमान को लेना चाह्ते थे लेकिन उन्होंने कहा था कि मूवी में हीरोइन तो हेमा मालिनी है. मैं सपोर्टिंग रोल नहीं करूंगी. बाद में एक दिन नशे की हालत में फिरोज खान ने उन्हें फोन किया और खूब बुरा-भला कहा.
Add News18 as
Preferred Source on Google

वैसे जीनत अमान की बात सच थी. फिल्म में हेमा मालिनी का एक छोटा सा रोल था और लीड हीरोइन रेखा थीं लेकिन हेमा मालिनी लाइमलाइट चुरा ले गईं. हेमा मालिनी पर दो गाने ‘क्या खूब लगती हो’ और ‘तेरे चेहरे में वो जादू है’ फिल्माया गए थे. जब ‘क्या खूब लगती हो’ गाने की शूटिंग हो रही थी तो फिरोज खान एक सीन में हेमा मालिनी के लिप किस करना चाहते थे. हेमा की मां जया चक्रवर्ती ने इसकी इजाजत नहीं दी. इससे पहले फिरोज खान अपराध में मुमताज की नाक पर किस कर चुके थे. धर्मात्मा में वो एक कदम आगे बढ़कर सीन करना चाहते थे. बाद में फिरोज खान ने अपने एक इंटरव्यू में कहा था कि हेमा मालिनी रेश्मा के रोल में जितनी खूबसूरत नजर आई हैं, शायद ही किसी और फिल्म में इतनी ब्यूटीफुल दिखी हों.

फिरोज खान कविताएं बहुत पसंद करते थे. धर्मात्मा से पहले गीतकार इंदीवर ने उन्हें एक कविता सुनाई थी जिसके बोल थे : तेरे चेहरे में वो जादू है….. फिरोज खान ने इस कविता को डेवलप करवाया और पूरा गाना बनवाया. इस तरह से यह ब्लॉकबस्टर बनकर तैयार हुआ. किशोर कुमार ने बहुत ही शानदार अंदाज में इसे गाया है.

धर्मात्मा का म्यूजिक कल्याण जी आनंद जी ने कंपोज किया था. फिल्म में कुल चार गाने रखे गए थे. इन गानों में ‘तेरे चेहरे में वो जादू है’, और ‘क्या खूब लगती हो’ बहुत मकबूल हुए. आज भी इन गानों को सुनकर दिल में हलचल होने लगती है. फिल्म के सभी गाने गीतकार इंदीवर ने लिखे थे.

फिल्म में एक नाइट क्लब डांस था. उस दौर की फेमस एक्ट्रेस सीमा कपूर ने उस पर परफॉर्म किया था. उनकी फोटो एडल्ट मैगजीन में ही छप चुकी थी. फिल्म से जुड़े कई लोगों का मानना था कि हेमा मालिनी के कैरेक्टर की डेथ नहीं होनी चाहिए. कई ने तो रेखा के कैरेक्टर को खत्म करने का सुझाव दिया. कई डिस्ट्रीब्यूटर्स ने फिरोज खान ने हेमा मालिनी के कैरेक्टर को जिंदा रखने का सुझाव दिया लेकिन हेमा मालिनी ने फिरोज खान से कहा कि जैसा स्क्रिप्ट में लिखा है, वैसा कीजिए. फिरोज चाहते थे कि फिल्म के बीच में शॉक वैल्यू इंपैक्ट आए. फिरोज खान का दांव सही साबित हुआ. फिल्म ब्लॉकबस्टर साबित हुई.

धर्मात्मा फिल्म की कहानी का कुछ हिस्सा रनबीर कपूर की एनिमल मूवी में दिखाई देता है. एनिमल फिल्म में रनबीर कपूर को पता चलता है कि उसके जीजा ही उसके पिता को मारना चाहते हैं. ठीक ऐसा ही सीन ‘धर्मात्मा’ में देखने को मिलते हैं. फिरोज खान के पिता प्रेमनाथ ही गैंगस्टर थे. उनका मर्डर इम्तियाज खान ने करवाया था जो कि धर्मात्मा के दामाद थे. फिल्म के अंत में फिरोज खान को यह राज पता चलता है. वो अपने डॉन पिता के कातिल जीजा को मार देते हैं. इधर एनिमल फिल्म में रनबीर कपूर अपने पिता के प्यार को पाने के लिए कुछ भी कर गुजरते हैं. वो डॉन बन जाते हैं. ₹100 करोड़ के बजट में बनी एनिमल फिल्म ने ₹917.82 करोड़ से ज्यादा का कलेक्शन किया था. यह एक ऑल टाइम ब्लॉकबस्टर फिल्म साबित हुई.
![]()










