महाराष्ट्र के दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार को महाराष्ट्र का उपमुख्यमंत्री बनाए जाने की चर्चाओं के बीच शुक्रवार को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि भाजपा दिवंगत अजित पवार के परिवार और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) द्वारा लिए गए किसी भी निर्णय का समर्थन करेगी। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात के बाद पत्रकारों से बात करते हुए सीएम फडणवीस ने कहा, ‘एनसीपी उपमुख्यमंत्री पद के लिए जो भी फैसला लेगी, सरकार और भाजपा उस फैसले का समर्थन करेंगे।
‘हम अजित दादा के परिवार और एनसीपी के साथ खड़े हैं’
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि मैं सिर्फ इतना कह सकता हूं कि हम अजित दादा के परिवार और एनसीपी के साथ खड़े हैं। इस सवाल पर कि क्या एनसीपी की ओर से कोई प्रस्ताव आया है, इस पर फडणवीस ने कहा कि एनसीपी नेताओं ने विकल्पों पर उनसे दो बार चर्चा की है। उन्होंने कहा, मैं व्यक्तिगत रूप से इस पर गौर करूंगा और संबंधित प्रक्रियाओं को पूरा करूंगा, और अंत में हम तय करेंगे कि क्या करना है।
कल उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ले सकती हैं सुनेत्रा
एनसीपी के सूत्रों ने बताया कि राज्यसभा सदस्य एवं दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार शनिवार को महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ले सकती हैं। वित्त मंत्रालय का प्रभार अजित पवार के पास था और ऐसे में बजट कौन पेश करेगा, इस सवाल पर फडणवीस ने कहा कि अजित पवार ने बजट की काफी तैयारी कर ली थी।
एनसीपी के कार्यकारी अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल ने कहा कि सुनेत्रा को उप मुख्यमंत्री बनाने को लेकर मुख्यमंत्री फडणवीस से बात की है। पटेल के नेतृत्व में छगन भुजबल, प्रदेश एनसीपी इकाई के अध्यक्ष सुनील तटकरे और पूर्व मंत्री धनंजय मुंडे उस प्रतिनिधिमंडल में शामिल थे। सीएम से मुलाकात के बाद भुजबल ने स्पष्ट कहा कि सुनेत्रा पवार को उपमुख्यमंत्री बनाना हमारी प्राथमिकता है। शनिवार को विधायक दल की बैठक में उन्हें नेता चुना जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि अगर एनसीपी इस बारे में फैसला लेती है, तो उन्हें सुनेत्रा पवार को उपमुख्यमंत्री के तौर पर शनिवार को ही शपथ दिलाने में कोई दिक्कत नहीं है।
ये भी पढ़ें: Maharashtra Politics: सुनेत्रा पवार बन सकती हैं उप मुख्यमंत्री; प्रस्ताव किया स्वीकार, कल शपथ लेने की संभावना
सुनेत्रा पवार फिलहाल महाराष्ट्र विधानमंडल के किसी भी सदन की सदस्य नहीं हैं। वह राज्यसभा की सदस्य हैं। हालांकि, अजीत पवार की मौत के बाद पुणे जिले की बारामती विधानसभा सीट खाली हो गई है। वहां से वह विधानसभा में आ सकती हैं। अजीत पवार की मौत के बाद 288 सदस्यों वाली राज्य विधानसभा में एनसीपी की संख्या घटकर 40 रह गई है।
शोक अवधि पर क्या बोले मंत्री छगन भुजबल?
छगन भुजबल के अनुसार, शोक अवधि और अन्य औपचारिकताओं को लेकर पार्टी नेतृत्व संवेदनशील रुख अपना रहा है। उन्होंने बताया कि प्रफुल्ल पटेल और सुनील तटकरे शोक की अवधि, परंपराओं और कार्यक्रमों की समय-सारिणी पर नजर रखे हुए हैं। भुजबल ने कहा कि किसी के निधन के बाद शोक की अवधि अलग-अलग परंपराओं के अनुसार होती है कभी तीन दिन तो कभी दस दिन। अंतिम निर्णय विधायक दल की बैठक में ही लिया जाएगा।
क्या बोले- पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख?
एनसीपी-एसपी नेता और पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख ने कहा कि अगर सुनेत्रा पवार को डिप्टी सीएम बनाया जाता है तो यह खुशी की बात होगी। उन्होंने यह भी कहा कि परिवार तीन-चार दिन में बैठकर अंतिम निर्णय करेगा। देशमुख के मुताबिक, इस संवेदनशील समय में परिवार की सहमति सर्वोपरि है और सभी पक्षों की भावनाओं का सम्मान किया जाना चाहिए।











