Last Updated:
Indian Murder Mystery Films: भूमि पेडनेकर की नई क्राइम थ्रिलर सीरीज ‘दलदल’ ओटीटी पर रिलीज हो चुकी है. इसमें वह एक जांबाज पुलिस अफसर के अवतार में नजर आ रही हैं. अगर इस सीरीज के सस्पेंस ने आपकी उत्सुकता बढ़ा दी है और आप कुछ इसी तरह का थ्रिलर कंटेंट तलाश रहे हैं, तो ओटीटी की दुनिया में मर्डर मिस्ट्री का खजाना मौजूद है. भारतीय सिनेमा ने ऐसी कई फिल्में दी हैं, जो दर्शकों को अंत तक अपनी सीट से बांधे रखती हैं. अगर आप भी मर्डर मिस्ट्री के शौकीन हैं, तो ‘दलदल’ के बाद इन 8 बेहतरीन फिल्मों को अपनी मस्ट-वॉच लिस्ट में जरूर शामिल करें.
नई दिल्ली. भूमि पेडनेकर की मच-अवेटेड क्राइम थ्रिलर सीरीज ‘दलदल’ दस्तक दे चुकी है. इसे लेकर मर्डर मिस्ट्री के शौकीनों में भारी क्रेज है. लेकिन अगर आप ‘दलदल’ जैसा ही कुछ और भी देखना चाहते हैं तो हम आपको 8 धमाकेदार फिल्मों के नाम बताते हैं. ओटीटी पर ऐसी कई जबरदस्त इंडियन मर्डर मिस्ट्री फिल्में मौजूद हैं, जो आपका दिमाग घुमा देंगी. ‘दृश्यम 2’ की चालाकी से लेकर ‘अंधाधुन’ के ट्विस्ट तक, आइए एक नजर डालते हैं उन फिल्मों पर जो हर थ्रिलर प्रेमी की मस्ट वॉच लिस्ट में होनी चाहिए. यहां पर देखिए 8 फिल्मों की लिस्ट.

इत्तेफाक: सिद्धार्थ मल्होत्रा और सोनाक्षी सिन्हा की ‘इत्तेफाक’ (2017) साल 1969 की इसी नाम की क्लासिक फिल्म का मॉडर्न रीमेक है. यह एक ही रात में हुए दो कत्लों की उलझी हुई गुत्थी है, जिसमें दो संदिग्धों की अपनी-अपनी कहानियां हैं. पुलिस अफसर बने अक्षय खन्ना को यह तय करना है कि कौन सच बोल रहा है और कौन कातिल है. फिल्म की रफ्तार तेज है और इसका ‘डार्क थ्रिलर’ ट्रीटमेंट दर्शकों को अंत तक सस्पेंस में बनाए रखता है. इस मूवी को आप नेटफ्लिक्स पर देख सकते हैं. (फोटो साभार: IMDb)

दृश्यम 2: यह फिल्म सस्पेंस और दिमाग के खेल की एक जबरदस्त मिसाल है. फिल्म की कहानी वहीं से शुरू होती है जहां पहला पार्ट खत्म हुआ था. विजय सलगांवकर (अजय देवगन) का परिवार अब भी उस पुराने राज को सीने में दबाए हुए है, लेकिन केस दोबारा खुलने पर मुश्किलें बढ़ जाती हैं. इस बार आईजी बने अक्षय खन्ना की एंट्री होती है, जो विजय को पकड़ने के लिए नया चक्रव्यूह रचता है. फिल्म का क्लाइमेक्स इतना हैरान करने वाला है कि आप दंग रह जाएंगे. इस मूव का लुत्फ आप प्राइम वीडियो पर उठा सकते हैं. (फोटो साभार: IMDb)
Add News18 as
Preferred Source on Google

द बकिंघम मर्डर्स: डिटेक्टिव जसमीत भामरा की यह कहानी आपको अंदर तक झकझोर देगी. ब्रिटेन के एक शांत शहर में जब एक बच्चे का कत्ल होता है, तो जसमीत इस केस से जुड़ती हैं. लेकिन यह फिल्म सिर्फ एक क्राइम थ्रिलर नहीं है. यह एक मां के गम, उसके पछतावे और सच की तलाश में पागलपन की हद तक जाने की दास्तां है. फिल्म बेहद करीब से दिखाती है कि कैसे बीता हुआ कल आज के फैसलों पर हावी हो सकता है. यह मूवी नेटफ्लिक्स पर मौजूद है. (फोटो साभार: IMDb)

रात अकेली है: यह कहानी है इंस्पेक्टर जटिल यादव (नवाजुद्दीन सिद्दीकी) की, जिसे एक रईस शख्स के कत्ल की गुत्थी सुलझानी है. जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ती है, परिवार के बरसों पुराने दबे हुए राज बाहर आने लगते हैं. यह फिल्म हॉलीवुड की ‘नाइव्स आउट’ की याद दिलाती है, लेकिन इसका मिजाज पूरी तरह देसी है. इस फिल्म को आप नेटफ्लिक्स पर देख सकते है. (फोटो साभार: IMDb)

द स्टोनमैन मर्डर्स: 80 के दशक के मुंबई में हुई सच्ची घटनाओं पर आधारित यह फिल्म रोंगटे खड़े कर देती है. सस्पेंडेड सब-इंस्पेक्टर संजय शेलार (केके मेनन) छुपकर उन कत्लों की जांच करता है, जिनमें फुटपाथ पर सोने वालों को बेरहमी से निशाना बनाया जाता था. पुलिस की लापरवाही और जनता के बीच फैले खौफ के बीच शेलार को यकीन है कि यह किसी सीरियल किलर का काम है. केके मेनन की एक्टिंग फिल्म में जान फूंक देती है. इस मूवी को आप अमेजन प्राइम वीडियो पर देख सकते हैं. (फोटो साभार: IMDb)

मनोरमा सिक्स फीट अंडर: छोटे शहर के इंजीनियर और राइटर सत्यवीर (अभय देओल) की जिंदगी तब बदल जाती है, जब एक ताकतवर नेता की पत्नी उसे अपने पति की जासूसी करने का काम सौंपती है. लेकिन जब उस महिला की मौत हो जाती है और उसे आत्महत्या करार दिया जाता है, तो सत्यवीर को इसमें कुछ गहरा झोल नजर आता है. धीरे-धीरे वह इस रहस्य की परतों को उधेड़ने लगता है. यह फिल्म आम मर्डर मिस्ट्री से हटकर है, जो अपनी बारीकियों और ट्विस्ट से आपको अंत तक बांधे रखती है. यह मूवी प्राइम वीडियो पर अवेलेबल है. (फोटो साभार: IMDb)

डिटेक्टिव ब्योमकेश बक्शी: 1943 के कलकत्ता की पृष्ठभूमि पर बनी यह फिल्म युवा ब्योमकेश बक्शी (सुशांत सिंह राजपूत) के इर्द-गिर्द घूमती है. एक लापता केमिस्ट की तलाश से शुरू हुआ यह केस जल्द ही हत्या और एक बड़ी अंतरराष्ट्रीय साजिश में बदल जाता है.फिल्म में 1940 के दशक के भारत को बेहद खूबसूरती और बारीकी से दिखाया गया है. सुशांत की दमदार एक्टिंग ने ब्योमकेश बक्शी को भारत का ‘शरलॉक होम्स’ बनाकर पर्दे पर अमर कर दिया. आप इस मूवी को नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम कर सकते हैं. (फोटो साभार: IMDb)

अंधाधुन: यह बॉलीवुड की सबसे बेहतरीन डार्क थ्रिलर मानी जाती है. कहानी एक पियानो वादक की है, जो अंधा होने का नाटक करता है. उसकी जिंदगी तब पलट जाती है जब वह अनजाने में एक शख्स का मर्डर देख लेता है. इसके बाद शुरू होता है बिल्ली और चूहे का खेल, जिसमें तब्बू ने अपनी नेगेटिव भूमिका से जान फूंक दी है. हर मोड़ पर आने वाले जबरदस्त ट्विस्ट इस फिल्म को मास्टरपीस बनाते हैं. यह मूवी नेटफ्लिक्स पर मौजूद है. (फोटो साभार: IMDb)
![]()













