अनपरा/सोनभद्र/एबीएन न्यूज। जनपद सोनभद्र पुलिस मुख्यालय पर शुक्रवार, 31 जनवरी 2026 को पुलिस सेवा से सेवानिवृत्त हुए पुलिसकर्मियों के सम्मान में गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जनपद सोनभद्र से कुल दो पुलिसकर्मी अपनी अधिवर्षता आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्त हुए, जिनमें उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस श्री सुनील कुमार श्रीवास्तव एवं मुख्य आरक्षी चालक श्री अमरनाथ यादव शामिल रहे। इसके अतिरिक्त उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस श्री रियाज अहमद द्वारा ऐच्छिक सेवानिवृत्ति ग्रहण की गई।
पुलिस लाइन चुर्क स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित समारोह में अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) श्री अनिल कुमार ने सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों को उपहार, स्मृति-चिह्न एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों ने अपने लंबे सेवाकाल के दौरान निष्ठा, ईमानदारी एवं कर्तव्यपरायणता के साथ जनसेवा करते हुए पुलिस विभाग की गरिमा को बनाए रखा है।

अपर पुलिस अधीक्षक ने सेवानिवृत्त कर्मियों के उज्ज्वल, स्वस्थ एवं सुखमय भविष्य की कामना करते हुए उन्हें भावभीनी विदाई दी। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी यातायात डॉ. चारु द्विवेदी सहित अन्य अधिकारीगण एवं पुलिसकर्मियों ने भी सेवानिवृत्त कर्मियों को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनके भावी जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं।
समारोह के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों के सेवाकाल की सराहना करते हुए कहा कि उनका अनुभव एवं योगदान सदैव पुलिस विभाग के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा।
![]()












