अनपरा/सोनभद्र/एबीएन न्यूज। जनपद सोनभद्र स्थित हिंडालको रेनुसागर में यूनिट हेड श्री आर.पी. सिंह के दिशा-निर्देशन में सड़क सुरक्षा अभियान के अंतर्गत रोड एंड ड्राइविंग सेफ्टी टास्क फोर्स, रेनुसागर के तत्वावधान में विविध सुरक्षा प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों को सड़क सुरक्षा के प्रति सजग करना तथा दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु व्यवहारिक जानकारी प्रदान करना रहा।
इस क्रम में आदित्य बिड़ला पब्लिक स्कूल, रेनुसागर में आयोजित सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम के दौरान जिला परिवहन अधिकारी श्री मनोज गुप्ता ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल नियमों का पालन भर नहीं, बल्कि यह हमारे जीवन की सुरक्षा से सीधे जुड़ा विषय है। थोड़ी-सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है।
जिला परिवहन अधिकारी ने दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट के प्रयोग, निर्धारित गति सीमा के पालन, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करने तथा यातायात संकेतों का सम्मान करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं नियमों का पालन करें और अपने परिवार व समाज को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करें।

इसी क्रम में टीटीएमडीसी रेनुसागर में सड़क सुरक्षा एवं रक्षात्मक वाहन चालान (डिफेंसिव ड्राइविंग) विषय पर विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें प्रशिक्षक कौशिक दान, एम.एस. ह्यूबर्ट एबनर, नई दिल्ली द्वारा विद्यालय के शिक्षकों, गृहणियों एवं ऑफ-द-जॉब सेफ्टी टास्क फोर्स के सदस्यों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षक ने कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों के पालन से ही दुर्घटनाओं में प्रभावी रूप से कमी लाई जा सकती है।
रोड एंड ड्राइविंग सेफ्टी टास्क फोर्स के अध्यक्ष श्री ललित खुराना ने उपस्थितजनों से अपील करते हुए कहा कि सुरक्षित ड्राइविंग को आदत बनाना आवश्यक है और सड़क सुरक्षा को जीवन का अभिन्न हिस्सा मानकर ही हम स्वयं तथा दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित कर सकते हैं। कार्यक्रम को सफल बनाने में सेफ्टी हेड श्री अरबिंद सिंह, श्री अनिल शर्मा, रोड एंड ड्राइविंग सेफ्टी टास्क फोर्स के कन्वेनर श्री मुकेश श्रीवास्तव एवं श्री राजन चौबे का सराहनीय सहयोग रहा।
![]()












