लखनऊ/एबीएन न्यूज। रेलवे में कार्यरत कर्मियों की ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा एक बार फिर सामने आई है। गाड़ी संख्या 12419 के HA1 कोच में यात्रा कर रहे एक यात्री का मोबाइल फोन 01 फरवरी 2026 को यात्रा के दौरान छूट गया था। मोबाइल गुम होने से परेशान यात्री ने संबंधित बर्थ की जानकारी रेलवे को उपलब्ध कराई।
यात्री द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर कोच कंडक्टर श्री राजकुमार खरवार ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत कार्रवाई की और बताए गए बर्थ पर जाकर मोबाइल फोन को सुरक्षित रूप से बरामद कर लिया। इसके बाद बरामद मोबाइल फोन को गाड़ी संख्या 12420 से 02 फरवरी 2026 को वापसी यात्रा के दौरान टूंडला स्टेशन पर संबंधित यात्री को सकुशल सुपुर्द किया गया।
रेल कर्मी श्री राजकुमार खरवार, सीटीआई/लखनऊ द्वारा किए गए इस सराहनीय कार्य से न केवल यात्री को बड़ी राहत मिली, बल्कि रेलवे की सकारात्मक और भरोसेमंद छवि भी और मजबूत हुई है। उनकी सतर्कता, ईमानदारी और जिम्मेदारी की यात्रियों व रेल प्रशासन द्वारा सराहना की जा रही है।
उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल ने अपने कर्मचारी के इस उत्कृष्ट और प्रेरणादायी कार्य की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए इसे अन्य कर्मचारियों के लिए अनुकरणीय उदाहरण बताया है।
![]()












