लखनऊ/एबीएन न्यूज। माघ मेला–2026 के अवसर पर रेलवे यात्रियों को डिजिटल टिकटिंग और आधुनिक रेल सुविधाओं के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से प्रयाग जंक्शन रेलवे स्टेशन पर ‘मेरा टिकट मेरा स्वाभिमान’ अभियान के तहत विशेष सेल्फी बूथ स्थापित किए गए हैं। इस पहल का उद्देश्य यात्रियों को वैध टिकट के महत्व से अवगत कराना और उनकी यात्रा को यादगार बनाना है।
सेल्फी बूथों के माध्यम से यात्रियों को न केवल अपनी रेल यात्रा के पलों को सहेजने का अवसर मिल रहा है, बल्कि उन्हें RailOne ऐप के उपयोग के प्रति भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। RailOne ऐप के जरिए मोबाइल से टिकट बुकिंग, समय और धन की बचत के साथ-साथ रेलवे की विभिन्न डिजिटल सेवाओं का लाभ आसानी से प्राप्त किया जा सकता है।
उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल द्वारा प्रयाग जं. स्टेशन परिसर में तैनात कर्मचारियों एवं प्रचार सामग्री के माध्यम से यात्रियों को RailOne ऐप डाउनलोड करने, उसका सही उपयोग करने और डिजिटल माध्यम से टिकट प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। यह पहल यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के साथ-साथ कागजरहित और कैशलेस सेवाओं को बढ़ावा देने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।
लखनऊ मंडल की ओर से यात्रियों से अपील की गई है कि वे सुरक्षित, सुगम और स्मार्ट रेल यात्रा के लिए डिजिटल टिकटिंग को अपनाएं तथा ‘मेरा टिकट मेरा स्वाभिमान’ यानी ‘My Ticket My Pride’ अभियान का हिस्सा बनें।
![]()












