बीना/सोनभद्र/एबीएन न्यूज। पतंजलि योग परिवार सोनभद्र की ओर से आगामी 8 फरवरी को योग कक्षा के 12वें वार्षिकोत्सव के साथ-साथ सोनभद्र बार एसोसिएशन की नवगठित कार्यकारिणी के सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम कचहरी परिसर स्थित सोनभद्र बार एसोसिएशन सभागार में संपन्न होगा।
पतंजलि योग समिति सोनभद्र के जिला प्रभारी श्री रवि प्रकाश त्रिपाठी ने जानकारी देते हुए बताया कि आपसी स्नेह, सहयोग और आशीर्वाद से प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी नियमित योग कक्षा का 12वां वार्षिकोत्सव मनाया जा रहा है। इसी अवसर पर नवनियुक्त अध्यक्ष सोनभद्र बार एसोसिएशन श्री अशोक प्रसाद श्रीवास्तव एवं समस्त कार्यकारिणी सदस्यों का सम्मान भी किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम रविवार, 8 फरवरी को प्रातःकालीन योग कक्षा के उपरांत सायं 6:00 बजे से 7:00 बजे के मध्य आयोजित होगा। यह आयोजन पतंजलि योग परिवार सोनभद्र के संरक्षक, संयोजक एवं कुशल मार्गदर्शकों के निर्देशन तथा पदाधिकारियों के नेतृत्व में संपन्न कराया जाएगा।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व न्यायाधीश एवं भारत स्वाभिमान के राज्य प्रभारी श्री भगवान सिंह उपस्थित रहेंगे। वहीं पतंजलि योग समिति के राज्य प्रभारी श्री दुर्गेश योगी, एल्डर कमेटी के चेयरमैन श्री कृपा नारायण मिश्र एवं विंध्याचल मंडल प्रभारी श्री धीरज विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे।
पतंजलि योग परिवार सोनभद्र ने योग साधकों, अधिवक्ताओं एवं नगरवासियों से कार्यक्रम में समय से पहुंचकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।
![]()












