सोनभद्र//एबीएन न्यूज़। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी बी.एन. सिंह की अध्यक्षता में भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी की जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में रेड क्रॉस सोसाइटी द्वारा संचालित विभिन्न गतिविधियों की बिंदुवार समीक्षा की गई तथा भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि रेड क्रॉस सोसाइटी के माध्यम से प्राप्त होने वाले संसाधनों का समुचित, पारदर्शी और जनहित में उपयोग सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जो योजनाएं या कार्य लंबे समय से निष्क्रिय अथवा बेकार पड़े हैं, उन्हें तत्काल नियमित कर प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए, ताकि जरूरतमंद लोगों को उनका वास्तविक लाभ मिल सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि रेड क्रॉस सोसाइटी का मूल उद्देश्य मानव सेवा है। इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए गरीब, असहाय एवं कुष्ठ रोग से पीड़ित व्यक्तियों को प्राथमिकता के आधार पर सहायता उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि कुष्ठ रोगियों के लिए चिकित्सा सुविधा, आवश्यक दवाइयां, वस्त्र तथा अन्य जरूरी संसाधनों की व्यवस्था रेड क्रॉस सोसाइटी के माध्यम से समयबद्ध रूप से सुनिश्चित की जाए।
बैठक के दौरान सोसाइटी की आय-व्यय स्थिति, उपलब्ध संसाधनों, वर्तमान गतिविधियों और आगामी योजनाओं की समीक्षा की गई। साथ ही जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आपसी समन्वय और सक्रिय सहभागिता पर जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने सभी पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और सभी योजनाओं का क्रियान्वयन पूरी जिम्मेदारी के साथ किया जाए।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. पंकज कुमार राय, वरिष्ठ कोषाधिकारी इंद्रभान सिंह, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सुधांशु शेखर शर्मा, जिला विद्यालय निरीक्षक जय राम सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनंद पांडेय सहित संबंधित अधिकारी एवं भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी के सदस्य उपस्थित रहे।
![]()












