सोनभद्र/एबीएन न्यूज। जिलाधिकारी श्री बी.एन. सिंह ने सोमवार को विकास खण्ड दुद्धी का औचक निरीक्षण कर विभिन्न योजनाओं की प्रगति का स्थलीय जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने समूह गठन, बैंक खाते खोलने एवं भुगतान प्रक्रिया में हो रही धीमी प्रगति पर गहरी नाराजगी व्यक्त की।
जिलाधिकारी ने ब्लॉक मिशन प्रबंधकों द्वारा अपेक्षित लक्ष्य के अनुरूप कार्य न किए जाने पर कड़ी आपत्ति दर्ज कराई। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कार्यों में शिथिलता पाए जाने पर सभी संबंधित ब्लॉक मिशन प्रबंधकों का स्थानांतरण सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मनरेगा योजना के अंतर्गत ग्राम पंचायतों में संचालित कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अब तक सृजित मानव दिवसों की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वीकृत सभी कार्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराया जाए। उन्होंने कहा कि मनरेगा का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराना है, इसलिए कार्यों की गति तेज कर अधिक से अधिक श्रमिकों को लाभान्वित किया जाए।
इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने ब्लॉक परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था की स्थिति का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि कार्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या गंदगी पाए जाने पर संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने की हिदायत देते हुए कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक समय से और पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में जवाबदेही तय होगी और नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी। निरीक्षण के अवसर पर जिला विकास अधिकारी हेमंत कुमार सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी, नामित शरण डीसी, रविंद्र वीर सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
![]()












