सोनभद्र/एबीएन न्यूज। जिलाधिकारी बी0एन0 सिंह के निर्देशन में संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर तहसीलों में जनसुविधाओं को सरल, सुलभ एवं त्वरित बनाने की दिशा में एक प्रभावी एवं अभिनव पहल की गई। इस नई व्यवस्था के तहत विभिन्न विभागों की सेवाओं को एक ही कैंप में उपलब्ध कराते हुए आमजन को बड़ी राहत प्रदान की गई।
प्रशासन द्वारा आयोजित विशेष कैंप में दिव्यांग प्रमाण पत्र, आयुष्मान भारत कार्ड, निराश्रित महिला पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन, फार्मर रजिस्ट्री पंजीकरण तथा खाद्यान्न राशन कार्ड निर्माण जैसी महत्वपूर्ण सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गईं। इससे लाभार्थियों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने से मुक्ति मिली और योजनाओं का लाभ समय पर सुनिश्चित हो सका।
आज आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस कैंप में 13 दिव्यांगजनों के दिव्यांग प्रमाण पत्र मौके पर ही तैयार कर जिलाधिकारी ने स्वयं अपने हाथों से प्रदान किए। प्रमाण पत्र प्राप्त करते ही लाभार्थियों के चेहरों पर संतोष और खुशी स्पष्ट दिखाई दी। लाभार्थियों ने प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पहले प्रमाण पत्र बनवाने के लिए जिला मुख्यालय के कई चक्कर लगाने पड़ते थे, लेकिन अब एक ही स्थान पर सुविधा मिलने से समय और धन दोनों की बचत हुई है।
इसी क्रम में लगभग 23 पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान भारत कार्ड भी बनाए गए, जिससे उन्हें चिन्हित अस्पतालों में निःशुल्क उपचार की सुविधा प्राप्त हो सकेगी। किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए फार्मर रजिस्ट्री पंजीकरण की प्रक्रिया भी कैंप में संपन्न कराई गई। साथ ही निराश्रित महिला पेंशन एवं वृद्धावस्था पेंशन से संबंधित पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण कर सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ सुनिश्चित किया गया।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक शत-प्रतिशत पहुंचे। उन्होंने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस को केवल शिकायत निस्तारण तक सीमित न रखते हुए इसे जनसुविधा विस्तार के प्रभावी मंच के रूप में विकसित किया जाए।
इस पहल की क्षेत्र में व्यापक सराहना हो रही है। आमजन का कहना है कि प्रशासन की यह व्यवस्था जनहित में मील का पत्थर साबित हो रही है और शासन की योजनाएं अब सीधे पात्र लाभार्थियों तक प्रभावी ढंग से पहुंच रही हैं। मौके पर पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा, मुख्य चिकित्साधिकारी पी0के0 कुमार राय, उप जिलाधिकारी दुद्धी निखिल यादव सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
![]()












