बीना/सोनभद्र/एबीएन न्यूज। बीना पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत शनिवार दोपहर बाद चोरी की एक घटना का खुलासा करते हुए पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए चोरी गई सेटरिंग प्लेट बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया तथा ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम कोहरौलिया निवासी रामसाजीवन गुप्ता, पुत्र स्वर्गीय दीनदयाल गुप्ता ने बीना पुलिस चौकी में तहरीर देकर बताया कि करीब तीन माह पूर्व उन्होंने अपने मकान की छत निर्माण कार्य के लिए सेटरिंग प्लेट किराये पर मंगाई थी। निर्माण कार्य के दौरान लगभग 10 से 15 प्लेट उनके घर पर रखी गई थीं, जबकि शेष प्लेट वापस कर दी गई थीं।
निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद जब उन्होंने शेष प्लेट वापस करने की तैयारी की, तो पाया कि आठ सेटरिंग प्लेट तथा कुछ सरिया गायब हैं। काफी खोजबीन और गांव में पूछताछ के बावजूद कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी।
शनिवार को संयोगवश गांव में ही एक स्थान पर चोरी गई सेटरिंग प्लेट दिखाई दी। इस संबंध में जब स्थानीय स्तर पर पूछताछ की गई तो गांव के ही कुछ युवकों की संलिप्तता सामने आई। सूचना मिलते ही बीना चौकी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और प्लेट को कब्जे में लेकर एक आरोपी को हिरासत में ले लिया।
थाना शक्तिनगर प्रभारी कमल नयन दुबे ने बताया कि प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए जांच की जा रही है। आरोपी से पूछताछ के आधार पर अन्य संभावित संलिप्त व्यक्तियों की भूमिका भी खंगाली जा रही है। उन्होंने कहा कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई प्रचलित है और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से क्षेत्रीय लोगों में भरोसा बढ़ा है तथा चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए सघन निगरानी की जा रही है।
![]()












