सोनभद्र/एबीएन न्यूज। जनपद के ओबरा थाना क्षेत्र में रविवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब अज्ञात बदमाशों ने एक क्रेशर व्यवसायी की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना बग्घानाला के पास स्थित गिरधर स्टोन क्रेशर प्लांट की है, जहां प्लांट परिसर में सो रहे व्यवसायी का सिर कुचलकर हत्या कर दी गई।
मृतक की पहचान गिरधर स्टोन के स्वामी माधव हरि उपाध्याय के भाई विष्णु हरि उपाध्याय के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह रोज की तरह क्रेशर प्लांट पर ही रुके हुए थे। सुबह जब कर्मचारी प्लांट पहुंचे तो उन्होंने विष्णु हरि उपाध्याय को खून से लथपथ अवस्था में पड़ा देखा। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया और खनन कारोबार से जुड़े लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
सूचना पाकर पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा, क्षेत्राधिकारी ओबरा अमित कुमार तथा फोरेंसिक टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य एकत्रित किए। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने बताया कि ओबरा थाना क्षेत्र के बग्घानाला के समीप स्थित गिरधर स्टोन क्रेशर प्लांट पर उसके मालिक विष्णु हरि उपाध्याय का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस टीमों का गठन कर विभिन्न पहलुओं पर जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि घटना का खुलासा 12 घंटे के भीतर कर दिया जाएगा और दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
इस जघन्य हत्या की घटना से क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से शीघ्र कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही संदिग्धों से पूछताछ में जुटी है।
![]()












