अनपरा/सोनभद्र/एबीएन न्यूज। जनपद में साइबर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अनपरा पुलिस और साइबर सेल टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक साइबर फ्रॉड के पीड़ित को उसकी आंशिक धनराशि वापस दिलाकर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में आमजन में विश्वास बढ़ा है।
पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चल रहे अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पाण्डेय के नेतृत्व में प्रभारी निरीक्षक अनपरा एवं साइबर सेल टीम ने यह कार्रवाई की।
थाना प्रभारी निरीक्षक सत्येन्द्र कुमार राय ने बताया कि काशी मोड़, अनपरा निवासी पंकज कुमार पुत्र विजय कुमार जायसवाल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 11 दिसंबर 2025 को अज्ञात व्यक्तियों ने टेलीग्राम ऐप के माध्यम से ऑनलाइन जॉब दिलाने का झांसा देकर उनसे कुल 44,960 रुपये की ठगी कर ली। शिकायत मिलते ही साइबर सेल टीम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल संबंधित बैंक से संपर्क किया और आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूर्ण की।
पुलिस की तत्परता के चलते पीड़ित के खाते में 25,500 रुपये की धनराशि सफलतापूर्वक वापस कराई गई। शेष धनराशि की रिकवरी के प्रयास भी जारी बताए जा रहे हैं। धनराशि वापस मिलने पर पीड़ित ने पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।
पुलिस ने क्षेत्रवासियों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करते हुए अपील की है कि वे अपनी व्यक्तिगत एवं बैंकिंग जानकारी जैसे आधार नंबर, पैन कार्ड, पासवर्ड, ओटीपी आदि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। साथ ही किसी अज्ञात क्यूआर कोड या संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें।
पुलिस ने बताया कि यदि किसी के साथ साइबर ठगी होती है तो तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या आधिकारिक पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते धनराशि को सुरक्षित किया जा सके। धनराशि वापस कराने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक सत्येन्द्र कुमार राय तथा हेड कांस्टेबल आनन्द मोहन बिन्द शामिल रहे।
![]()












