लखनऊ/एबीएन न्यूज। राजभवन में दिनांक 06 से 08 फरवरी 2026 तक आयोजित 57वीं प्रादेशिक फल, शाकभाजी एवं पुष्प प्रदर्शनी-2026 में भारतीय रेल परिवहन प्रबंधन संस्थान (आईआरआईटीएम), लखनऊ ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विभिन्न श्रेणियों में 15 प्रथम पुरस्कार तथा कुल 11 चल वैजयंती कप अपने नाम किए। संस्थान की इस उल्लेखनीय उपलब्धि से रेलवे परिवार एवं लखनऊ शहर में गौरव का वातावरण है।
प्रदर्शनी के समापन अवसर पर आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में संस्थान की ओर से महानिदेशक श्री रंजन प्रकाश ठाकुर ने महामहिम राज्यपाल श्रीमती आनंदी बेन पटेल के करकमलों से पुरस्कार ग्रहण किया। समारोह राजभवन प्रांगण में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ, जहां विभिन्न संस्थानों एवं प्रतिभागियों को उनकी उत्कृष्ट प्रस्तुति के लिए सम्मानित किया गया।
इस प्रतिष्ठित प्रदर्शनी में आईआरआईटीएम की ओर से कुल 16 श्रेणियों में नामांकन प्रस्तुत किए गए थे। इनमें फल, शाकभाजी, पुष्प सज्जा तथा उद्यानिकी से संबंधित विभिन्न प्रतियोगिताएं शामिल थीं। संस्थान द्वारा तैयार की गई प्रदर्शित सामग्री की गुणवत्ता, सौंदर्य एवं नवाचार को निर्णायक मंडल ने विशेष रूप से सराहा।

महानिदेशक श्री रंजन प्रकाश ठाकुर ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सफलता संस्थान के सामूहिक प्रयास, समर्पण और रचनात्मक सोच का परिणाम है। उन्होंने भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करते रहने की अपेक्षा जताई।
उल्लेखनीय है कि प्रादेशिक फल, शाकभाजी एवं पुष्प प्रदर्शनी राज्य स्तर की एक प्रतिष्ठित प्रतियोगिता है, जिसमें सरकारी एवं गैर-सरकारी संस्थानों, उद्यान प्रेमियों तथा कृषि विशेषज्ञों द्वारा बढ़-चढ़कर भाग लिया जाता है। आईआरआईटीएम लखनऊ की इस उपलब्धि ने संस्थान की सृजनात्मक क्षमता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को पुनः प्रमाणित किया है।
![]()











