सोनभद्र/एबीएन न्यूज। इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय, भारत सरकार तथा उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार सोमवार को जनपद में ‘Safer Internet Day–2026’ के अवसर पर जिला स्तरीय जागरूकता कार्यशालाओं का आयोजन किया गया। कलेक्ट्रेट सभागार, राजकीय पॉलिटेक्निक एवं आईटीआई दुद्धी में आयोजित कार्यक्रमों में विशेषज्ञों ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और साइबर सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं।
इस वर्ष की थीम “Smart Tech, Safe Choices” रही, जिसके अंतर्गत डिजिटल तकनीकों के सुरक्षित और जिम्मेदार उपयोग पर विशेष बल दिया गया। अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) ने अपने संबोधन में कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता और डिजिटल तकनीकों का सकारात्मक एवं सुरक्षित प्रयोग विकास की गति को तीव्र करता है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम शासकीय कर्मचारियों और आम नागरिकों को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यशाला में जिला सूचना विज्ञान अधिकारी (डीआईओ) निजामुद्दीन अंसारी, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर दिव्यतोष मिश्रा तथा डाटा एनालिस्ट सूर्य प्रकाश ने साइबर सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी। विशेषज्ञों ने बताया कि ऑनलाइन धोखाधड़ी और वित्तीय साइबर अपराधों से बचाव के लिए सतर्कता और जागरूकता आवश्यक है। उन्होंने सोशल मीडिया के उत्तरदायी उपयोग, मजबूत पासवर्ड बनाने, फिशिंग और संदिग्ध लिंक से बचने तथा एआई के विवेकपूर्ण उपयोग के तरीकों पर भी प्रकाश डाला।
एनआईसी (NIC) सोनभद्र के सहयोग से आयोजित इन कार्यक्रमों में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। साथ ही छात्र-छात्राओं की सक्रिय सहभागिता भी देखने को मिली। राजकीय पॉलिटेक्निक एवं आईटीआई दुद्धी में संबंधित प्रधानाचार्यों के नेतृत्व में विशेष जागरूकता सत्र आयोजित किए गए, जिनमें डिजिटल सुरक्षा से जुड़े व्यावहारिक सुझाव दिए गए।
जिला प्रशासन के अनुसार इस पहल का मुख्य उद्देश्य डिजिटल साक्षरता को बढ़ावा देना तथा नागरिकों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के प्रति जागरूक करना है, ताकि ‘डिजिटल इंडिया’ के लक्ष्यों को सुरक्षित और प्रभावी ढंग से प्राप्त किया जा सके।
![]()












