बीना/सोनभद्र/एबीएन न्यूज। डीएवी पब्लिक स्कूल, बीना में कक्षा 12वीं के छात्र-छात्राओं के सम्मान में भव्य विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर उल्लास, भावनाओं और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सराबोर नजर आया। कार्यक्रम में शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के बीच आत्मीयता और स्नेह का वातावरण देखने को मिला।
कार्यक्रम का प्रथम सत्र वैदिक परंपरा के अनुरूप आयोजित किया गया। संस्कृत आचार्य देवेश कुमार गोस्वामी के आचार्यत्व में वैदिक हवन संपन्न हुआ। विद्यालय के प्रधानाचार्य अशोक कुमार शर्मा सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने हवन में आहुति देकर विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य और आगामी बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए ईश्वर से मंगलकामना की। इसके पश्चात प्रधानाचार्य अशोक कुमार शर्मा, अजय कुमार पाठक, मोहन सिंह, सुजाता त्रिवेदी एवं वरिष्ठ पीजीटी शिक्षकों द्वारा दीप प्रज्वलन कर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ किया गया। कक्षा 11वीं के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत ने उपस्थित सभी अतिथियों और विद्यार्थियों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम के दौरान कक्षा 12वीं के छात्र-छात्राओं ने बैलून बैलेंसिंग एवं पिरामिड निर्माण जैसी आकर्षक गतिविधियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा और टीम भावना का प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने विद्यालय में बिताए गए अपने यादगार पलों को साझा करते हुए शिक्षकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की, जिससे समारोह का वातावरण भावुक हो उठा। इस अवसर पर प्रधानाचार्य अशोक कुमार शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि परीक्षा को भय के रूप में नहीं बल्कि एक अवसर के रूप में देखना चाहिए। उन्होंने कहा कि बोर्ड परीक्षा जीवन के नए अध्याय की शुरुआत है और आत्मविश्वास, परिश्रम एवं अनुशासन ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा की दिशा में निरंतर आगे बढ़ने और विद्यालय का नाम रोशन करने की शुभकामनाएं दीं।
समारोह के दौरान कक्षा 12वीं के सभी विद्यार्थियों को विद्यालय परिवार की ओर से स्मृति-चिह्न एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन कक्षा 11वीं की छात्रा सृष्टि एवं आरिया अंसारी ने प्रभावशाली ढंग से किया। कार्यक्रम के अंत में अजय कुमार पाठक एवं मोहन सिंह ने उपस्थित सभी अतिथियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। शांति पाठ के मंत्रोच्चार के साथ समारोह का समापन हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षकगण एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
![]()












