लखनऊ/एबीएन न्यूज। उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल द्वारा दिनांक 11 फरवरी 2026 को “मेरा टिकट, मेरा स्वाभिमान” अभियान के अंतर्गत रसौली एवं बाराबंकी रेलवे स्टेशन पर विशेष बस रेड और किला जांच (फोर्ट्रेस चेक) अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान बिना टिकट यात्रा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उल्लेखनीय राजस्व वसूली की गई।
अभियान के तहत गाड़ी संख्या 64215 को रसौली स्टेशन पर रोककर यात्रियों की सघन टिकट जांच की गई। जांच के दौरान कुल 87 यात्री बिना टिकट यात्रा करते पाए गए। सभी के विरुद्ध रेलवे नियमों के अनुसार आवश्यक दंडात्मक कार्रवाई की गई।
इसके अतिरिक्त बाराबंकी स्टेशन पर किला जांच अभियान संचालित किया गया। इस विशेष अभियान के अंतर्गत कुल 306 प्रकरण दर्ज किए गए। जांच के दौरान की गई कार्रवाई के परिणामस्वरूप कुल 1,63,613 रुपये की राशि रेलवे राजस्व में जमा कराई गई।

यह अभियान मंडल रेल प्रबंधक लखनऊ श्री सुनील कुमार वर्मा के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री कुलदीप तिवारी के निर्देशन में, सहायक वाणिज्य प्रबंधक श्री कृष्ण कांत के नेतृत्व में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे सदैव वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें और सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं अनुशासित रेल संचालन में सहयोग प्रदान करें। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि ऐसे अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगे ताकि बिना टिकट यात्रा पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
![]()












